CBSE board exams 2019: फिजिक्स में ज्यादा नंबर दिलाने वाले होते हैं छोटे सवाल

छात्र फिजिक्स को एक जटिल विषय के रूप में लेते हैं, जबकि इसमें अंक लाना बहुत आसान है। फिजिक्स के विशेषज्ञ इसे रोचक विषय के रूप में देखते हैं। उनका कहना है कि 12वीं के छात्र फिजिक्स के छोटे सवालों को हल करने में विशेष सतर्कता बरतें। इससे सवाल अधिक पूछे जाते हैं साथ ही अंक दिलाने में भी विशेष सहायक होते हैं।
माउंट आबू स्कूल में फिजिक्स की शिक्षिका हर्ष आर्य का कहना है कि यह विज्ञान समूह का एक प्रमुख विषय है। बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे छात्र इस विषय को लेकर घबराएं नहीं। छात्र इसके लिए पहले से ही विशेष तैयारी कर लें। छात्र पहले जितनी तैयारी करेंगे, उन्हें परीक्षा के दौरान उतनी ही आसानी होगी|
समय प्रबंधन पर जोर : शिक्षिका हर्ष आर्य का कहना है कि किसी भी विषय में परीक्षा देने वाले छात्र समय प्रबंधन का विशेष ध्यान रखें। इससे निर्धारित समय में सवाल हल करने में आसानी होगी। परीक्षा से पहले सवाल को बार बार निर्धारित समय के अंदर हल करने का अभ्यास करें।
बोर्ड परीक्षा में अभ्यास प्रमुख रणनीति है। छात्र पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास करना न भूलें। इससे विषय के संबंध में और प्रश्नपत्र हल करते समय आने वाली परेशानियों को समझा जा सकता है। छोटे सवाल विषय में बहुत अहम हैं। इसलिये छात्र उनको जरूर देखें। प्रश्नपत्र के प्रारूप पर अपने शिक्षकों से आवश्यक जानकारी लें और उसका अभ्यास करें। इससे छात्रों को प्रश्नों के उत्तर देने में मदद मिलेगी।
मॉडल पेपर से सहायता लें
विशेषज्ञ के अनुसार, छात्र सीबीएसई के मॉडल पेपर को अवश्य देखें। इसके अनुसार अभ्यास के बाद जब छात्रों के सामने वास्तविक प्रश्नपत्र आएगा तो उन्हें परेशानी नहीं होगी।





