जयपुर.राजस्थान के कोटा में पैदा हुई गीता टंडन आज बॉलीवुड में स्टंट वुमन हैं और कई फिल्मों में दीपिका पादुकोण, आलिया भट्ट, मलाइका अरोड़ा जैसी कई एक्ट्रेस के लिए बॉडी डबल बन चुकी हैं। चलती कार और बाइक चेंज करना, आग में स्टंट करना या फिर ऊंची इमारतों से कूदना जैसे जोखिम भरे स्टंट करने के पीछे उनके लंबे संघर्ष की कहानी है। स्टंट वुमन बनने तक के सफर में उन्हें 15 साल में उम्र में शादी, तलाक और गुजारा करने बर्तन मांजने समेत कई काम करने पड़े थे।
फसल काटने के साथ हर दिन गोबर तक उठाया…
– गीता के मुताबिक, मैंने ऐसे दिन भी देखे हैं जब हमें हफ्ते में दो दिन भूखा सोना पड़ता था। कभी-कभी तो लगातार दो दिन भूख निकाली। ऐसा नहीं है कि मैं पैदाइशी ही गरीब पैदा हुई। मेरा मिडिल क्लास में जन्म हुआ। 4 भाई-बहनों को लेकर पेरेंट्स मुंबई आ गए।
– वे कहती हैं हमारी लाइफ बहुत अच्छी चल रही थी। इंसान जिस सुकून भरी जिंदगी की उम्मीद करता है वो सब बचपन में हमें मिल रहा था। एक दिन अचानक एक चिट्ठी आई। जिसमें लिखा था कि मेरी मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं। 7 साल की उम्र से उनकी कमी के साथ बढ़ी हुई। जब मां की सांसें थम गई तो पापा मायूस रहने लगे। कुछ पैसे की कमी भी होने लगी। पापा हमें लेकर दादी के पास चले गए।
– मैंने फसल काटने के साथ हर दिन गोबर तक उठाया। ताकि मुझे और मेरे भाई-बहनों को दो वक्त का खाना मिल सके। कपड़े भी हमें बुआ की उतरन से बना कर दिए जाते थे। एक दिन अचानक पापा ने मुंबई लौटने का फैसला लिया। मुंबई आने के बाद भी हमें सुख नसीब नहीं हुआ। कभी खाना मिलता तो कभी भूखे सोना पड़ता।
शादी के बाद तलाक फिर करना पड़ा ये काम
– जब 15 साल की हुई तो पापा ने जयपुर के एक शख्स से शादी करवा दी। ससुराल जा कर लगा शायद अब वक्त बदलेगा, लेकिन जब किस्मत साथ नहीं दे तो कुछ नहीं हो सकता।
– शादी के 5 साल बाद दो बच्चे होने बाद पति ने भी तलाक दे दिया। एक बार फिर मैं बेघर हो गई। डोमेस्टिक वायलेंस सहने के बाद मैंने बिखरे हुए हौसले का कतरा-कतरा जोड़ा और खुद से वादा किया कि मैं बच्चों के साथ वह नहीं होने दूंगी जो मैंने सहा है।
– मैंने हर छोटा-मोटा काम करना शुरू कर दिया। बर्तन मांजना, खाना बनाना जो भी हो सका किया। 2008 में एक सीरियल में स्टंट करने को मिला। मैंने कोई प्रोफेशनल ट्रेनिंग नहीं ली।
– डर तो लग रहा था कि बिना ट्रेनिंग कैसे स्टंट करूंगी फिर दिमाग में आया जिंदगी जीना भी तो रिस्क है। मुझे अपने बच्चों के लिए खाना चाहिए था। इस विल पॉवर से मैं वो स्टंट कर गई। बस उस दिन से मैंने फिर मुड़ कर नहीं देखा। बॉलीवुड में स्टंट वुमन के नाम से पहचान बन गई।