जैतो.जैतो के आस-पास हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गये, जबकि एक बच्चे ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। पहला हादसा जैतो-रोड़ीकपुरा रोड पर शुक्रवार शाम 3 बजे हुआ। इस दौरान एक दंपति जैतो से अपने दो बच्चों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर रोड़ीकपुरा की तरफ जा रहे थे। इस दौरान उनके आगे एक ट्रैक्टर-ट्राली जा रहा था। रोड़ीकपुरा रजवाहे के पुल पर ट्रैक्टर मुड़ने लगा तो मोटरसाइकिल ट्राली के पहिए के नीचे गई।
इस हादसे में 6 माह का बच्चा ट्राली से टक्कर के बाद सड़क पर गिर गया। इससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेअंत सिंह और उसकी पत्नी अमृतपाल कौर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे जैतो सहारा संस्था के सेवादारों ने उन्हें उठाकर सरकारी अस्पताल जैतो दाखिल करवाया जहां बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया। वहां से घायल दंपति को फरीदकोट मेडिकल अस्पताल रैफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि इस दंपति को 6 लड़कियों के बाद यह लड़का हुआ था, जिसे इस हादसे ने उनसे छीन लिया।
एक्टिवा पाइप से टकराई, बुजुर्ग घायल, एडमिट
दूसरा सड़क हादसा जैतो-कोटकपुरा रोड पर हुआ जहां 60 वर्षीय बुजुर्ग जसवंत सिंह पुत्र जंगीर सिंह एक स्कूल से अपनी एक्टीवा पर बाहर सड़क पर निकला तो अचानक सड़क के किनारे लगे पाइप से टकरा कर घायल हो गया। सूचना मिलने पर नौजवान वेलफेयर सोसायटी के ड्राइवर मीता सिंह सेवादार एंबुलेंस लेकर पहुंचे तथा घायल बजुर्ग को सरकारी अस्पताल जैतो पहुंचाया (चावला)