बिहार कांग्रेस के वरीय नेता सदानंद सिंह का पटना के एक निजी अस्‍पताल में लंबी बीमारी के बाद हुआ निधन, CM नीतीश कुमार व लालू-तेजस्‍वी ने जताया शोक

Sadanand Singh Death बिहार कांग्रेस (Bihar Congress) के वरीय नेता सदानंद सिंह (Sadanand Singh) का बुधवार की सुबह पटना के एक निजी अस्‍पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे लंबे समय से लिवर सिरोसिस की बीमारी से पीडि़त थे। उनके निधन के साथ बिहार में कांग्रेस के एक युग का अंत (End of an Era in Bihar Congress) हो गया है। उनके निधन पर शोक संवदनाओं का तांता लग गया है। शोक प्रकट करने वालों में मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar), राष्‍ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव (Tejashwi Yadav) भी शामिल हैं। सदानंद सिंह के पार्थिव शरीर को इस वक्‍त बिहार विधानसभा लाया गया है, जहां उन्‍हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। इसके बाद उन्‍हें पटना स्थित आवास पर ले जाएगा।

कहलगांव से नौ बार रहे विधायक

सदानंद सिंह कांग्रेस ही नहीं, बिहार के सबसे बुजुर्ग व बड़े नेताओं में शामिल रहे। वे बिहार विधानसभा के अध्यक्ष (Speaker of Bihar Assembly) रह चुके थे। वे लंबे समय तक कैबिनेट मंत्री (Cabinet Minister) भी रहे थे। उन्‍होंनेभागलपुर की कहलगांव विधानसभा सीट (Kahalgaon Assembly Seat) का नौ बार प्रतिनिधित्व किया।

आठ जुलाई से खराब थी तबीयत

सदानंद सिंह के पुत्र शुभानंद मुकेश के अनुसार उनके पिता की तबीयत आठ जुलाई से खराब थी। पहले उन्हें दिल्ली में डाक्टरों की निगरानी में दो सप्ताह तक रखा गया। फिर, पटना लाया गया। अगस्‍त में फिर तबीयत बिगड़ने पर उन्‍हें पटना के दानापुर के क्‍यूरिस अस्‍पताल में भर्ती कराया गया था।

शोक-संवेदनाओं का लगा तांता

सदानंद सिंह के निधन पर शोक-संवेदनाओं का तांता लगा हुआ है। उनके निधन पर मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव तथा हिंदुस्‍तानी अवाम मोर्चा के अध्‍यक्ष जीतनराम मांझी सहित कई नेताओं ने शोक प्रकट किया है।

सीएम नीतीश कुमार: सदानंद सिंह के निधन पर मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा कि वे अनुभवी व लोकप्रिय नेता थे। वे साल 2000 से 2005 तक विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

लालू प्रसाद यादव: आरजेडी के अध्‍यक्ष लालू प्रसाद यादव ने सदानंद सिंह को अपना गहरा मित्र बताते हुए कहा कि वे सामाजिक सरोकार व मजबूत जनाधार वाले जमीनी स्‍तर के नेता थे। वे उनका व्‍यक्तित्‍व बहुआयामी था। उनमें संगठन चलाने की अद्भुत क्षमता थी।

मदन मोहन झा: बिहार प्रदेश अध्‍यक्ष डा. मदन मोहन झा (Dr. Madan Mohan Jha) ने शोक जताते हुए कहा है कि सदानंद सिंह बिहार के सर्वमान्य नेता व कांग्रेस के योद्धा थे। उनके साथ एक राजनीतिक युग का अवसान हो गया है।

 

तेजस्‍वी-तेजप्रताप यादव: सदानंद सिंह के निधन पर नेता प्रतिपक्ष व राष्‍ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने शोक प्रकट करते हुए कहा कि वे एक कुशल राजनेता थे। उनका लंबा सामाजिक व राजनीतिक अनुभव रहा। आरजेडी विधायक व लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव ने कहा कि सदानंद सिंह का निधन एक अभिभावक के कम होने जैसा है।

जीतन राम मांझी: हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के अध्यक्ष जीतन राम मांझी (Jitan Ram Manjhi) तथा उनके बेटे व बिहार सरकार में मंत्री संतोष मांझी ने भी सदानंद सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया है।

Back to top button