बड़ी घटना: डीजी होमगार्ड की फेयरवेल पार्टी में होमगार्ड ने लगाई खुद को आग

यूपी के डीजी होमगार्ड सूर्य कुमार शुक्ला की फेयरवेल पार्टी में शुक्रवार को एक होमगार्ड ने खुद को आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे होगमार्ड को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से वह भाग निकला। फिलहाल, उसे फिर से भर्ती कराकर इलाज कराया जा रहा है। आत्मदाह के कारणों का पता नहीं चल सका है।  बड़ी घटना: डीजी होमगार्ड की फेयरवेल पार्टी में होमगार्ड ने लगाई खुद को आग

मालूम हो कि यूपी पुलिस के इतिहास में पहली बार डीजी होमगार्ड के पद से रिटायर होने वाले अधिकारी सूर्य कुमार शुक्ला के लिए शुक्रवार दोपहर फेयरवेल परेड (विदाई परेड) का आयोजन किया गया था। आलमबाग स्थित डीजी मुख्यालय में 12:30 बजे के करीब जैसे ही कार्यक्रम शुरू होने वाला था तभी अचानक वहां मौजूद होमगार्ड रामकुमार ने अपने ऊपर केरोसिन छिड़क लिया। जब तक वहां मौजदू लोग कुछ समझ पाते उसने माचिस से खुद को आग के हवाले कर दिया। मौके पर हड़कंप मच गया।

होमगार्ड साथियों ने आग को काबू में करने के बाद तत्काल उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया। होमगार्ड विभाग के कुछ अफसर भी पहुंचे। रामकुमार को भर्ती कराने के बाद अफसर डॉक्टरों से बातचीत कर ही रहे थे कि रामकुमार अस्पताल से भागकर जीपीओ चौराहे पर पहुंच गया। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस उसे पकड़कर सिविल लेकर आई। यहां भर्ती कर उसका इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक वह करीब 60 फीसदी जल चुका है।

सूचना पाकर सिटी मजिस्ट्रेट बयान दर्ज करने पहुंचे। उससे आत्मदाह का कारण पूछा गया तो वह कुछ स्प्षट जवाब नहीं दे सका। इधर-उधर की बातें कहने लगा। पुलिस का कहना है कि रामकुमार की दिमागी हालत ठीक नहीं है। बरेली में रह रहे उसके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। उनके आने पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Back to top button