बड़ी खुशखबरी: यूपी में मार्च तक आएगी भर्तियों की बहार, 2018 में 3.5 लाख पद भरने की तैयारी में सरकार

यूपी सरकार शिक्षक और सिपाही भर्ती का विज्ञापन निकालने के बाद अब मार्च तक भर्तियों की बहार लाने की तैयारी कर रही है। आने वाले दिनों में विभिन्न समूह के करीब एक लाख रिक्त पदों पर और वर्ष के  अंत तक करीब साढ़े तीन लाख रिक्त पद भरने की योजना है।

बड़ी खुशखबरी: यूपी में मार्च तक आएगी भर्तियों की बहार, 2018 में 3.5 लाख पद भरने की तैयारी में सरकारप्रदेश सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नई सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती नियुक्तियों में पारदर्शिता की बहाली थी। पिछली सरकार में नियुक्तियों को लेकर जिस तरह से आरोप-प्रत्यारोप हुए उससे अभ्यर्थियों का विश्वास घट रहा था।

इसलिए एक ओर तो पूर्व की विवादित भर्तियों की जांच के आदेश दिए गए दूसरी ओर पारदर्शी प्रक्रिया बनाने और रिक्त पदों को भरने की कार्यवाही शुरू की। सरकार ने सबसे पहले समूह ‘ग’ व ‘घ’ के रिक्त पदों के साथ समूह ‘ख’ के अराजपर्त्रित पदों पर भर्ती में इंटरव्यू की व्यवस्था खत्म की। इसके बाद प्राइमरी स्कूलों में शिक्षकों के 68,500 और सिपाही के 41,500 पदों पर भर्ती की हरी झंडी दी।

माध्यमिक शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी के 14 हजार पदों पर भर्ती की भी कार्यवाही शुरू कराई जा चुकी है। इसके अलावा राज्य लोक सेवा आयोग के जरिये 4127 नर्सों की भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। इस तरह अब तक करीब 1.25 लाख पदों पर भर्ती की कार्यवाही शुरू हो चुकी है।

’65 हजार रिक्त पदों पर भर्ती शुरू हो सकेगी’

समूह ‘ग’ के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आयोग का पुनर्गठन करना था। चयन आयोग में अच्छे लोगों की तैनाती के लिए आवेदकों की पुलिस, विजिलेंस से आवश्यक जांच के अलावा आम लोगों से जानकारी ली गई। इसके बाद मुख्य सचिव की संस्तुति पर योग्य लोगों के चयन का प्रयास किया गया।

अधिकारी ने बताया कि अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के गठन के बाद करीब 65 हजार रिक्त पदों पर भर्ती शुरू हो सकेगी। इसके अलावा उप निरीक्षक के करीब 5000, राजस्व लेखपाल के करीब 5500 पद रिक्त हैं। इनकी भी भर्ती से जुड़े प्रस्तावों पर विचार हो रहा है।

पुलिस विभाग में मृतक आश्रित से जुड़े करीब 530 मामले सालों से लंबित चल रहे हैं। सरकार ने इनका भी ध्यान दिया है और जल्दी ही भर्ती कराने की तैयारी चल रही है। अधिकारी ने बताया कि सिपाही और शिक्षक भर्ती की मौजूदा प्रक्रिया जैसे ही खत्म होगी, दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

इन पदों पर भर्ती के प्रस्ताव

अधीनस्थ सेवा चयन आयोग–65,000
राजस्व लेखपाल–5,500
उप निरीक्षक–4,000
मृतक आश्रित पुलिस विभाग–530    
शिक्षक व सिपाही के दूसरे चरण में–,65,000
 
 
Back to top button