श्रीलंका दौरे पर उपकप्तान भुवनेश्वर कुमार ने युवा खिलाड़ियों से की ये खास अपील, कहा…

भारत की युवा टीम इन दिनों श्रीलंका दौरे पर है, जहां टीम को लिमिटेड ओवर की सीरीज खेलनी है। सीरीज की शुरुआत 13 जुलाई से सीरीज होनी थी, लेकिन श्रीलंका टीम के अंदर कोरोना पॉजिटिव के मामले सामने आने के बाद सीरीज अब रिशेड्यूल हो चुकी है और यह 18 जुलाई से शुरू होगी। भारतीय टीम को श्रीलंका के साथ तीन मैचों की वनडे और फिर इतने ही मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेलनी है। इस दौरे के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। भुवनेश्वर ने उम्मीद जताई है कि आगामी सीरीज में ये युवा टीम अपने आईपीएल के प्रदर्शन को यहां भी बरकरार रखेंगे। 

स्टार स्पोटर्स के ‘फॉलो द ब्लूज’ शो में बालते हुए भुवनेश्वर ने कहा, ‘ हमारे पास अच्छे खिलाड़ी हैं और उन्हें आईपीएल का अच्छा अनुभव है। वे अभी युवा हैं, लेकिन उनके पास अनुभव है। कई सालों से टी20 खेलते हुए उन्होंने अपनी अपनी टीमों के लिए काफी अच्छा किया है। इसलिए, टीम के खिलाड़ियों के लिए यह फायदेमंद होगा कि वे आईपीएल का आत्मविश्वास लेकर चलें। वे युवा और प्रतिभाशाली हैं। टीम में अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है और यह एक अच्छा टूर होगा। युवा खिलाड़ी, जो अपने पहले दौरे पर आए हैं और आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करके आए हैं, अगर वे यहां भी अच्छा करते हैं तो इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा।’

भुवनेश्वर की काफी समय बाद भारतीय टीम में वापसी हुई है क्योंकि इससे पहले वह चोटिल थे। हालांकि अब वह अपनी चोट से पूरी तरह से रिकवर कर चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘ जब मैं लगभग पूरी तरह से रिकवर हो गया था, तब डो​मेस्टिक क्रिकेट भी चल रहा था। इसलिए मेरा ध्यान फिट होने और वापसी करने पर था और फिर मैंने मैच की तैयारी शुरू कर दी थी। इंग्लैंड सीरीज से पहले, मैं डो​मेस्टिक क्रिकेट में भी खेला, ताकि इससे मुझे मैच प्रैक्टिस करने में मदद मिले। डो​मेस्टिक क्रिकेट खेलते समय चीजों को हल्के में नहीं लेना चाहिए और इसने मुझे भारत के लिए खेलने और फिट रहने के लिए प्रेरित किया।’

Back to top button