बैतूल : आदिवासी युवक को पीटने के मामले में चला प्रशासन का बुलडोजर

आदिवासी युवक को निवस्त्र कर और उल्टा लटकाकर मारपीट करने के मामले में प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाया है। मुख्य आरोपी के उस अवैध कमरे को तोड़ दिया गया, जहां युवक से अमानवीयता की गई थी।
मध्य प्रदेश के बैतूल में एक आदिवासी युवक को नग्न कर और छत से उल्टा लटका कर बेल्ट और लकड़ी से बेरहमी से पीटने के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। जिस कमरे में पीड़ित युवक के साथ मारपीट की गई थी उसे प्रशासन ने जेसीबी से ढहा दिया है।
दरअसल गौ वंश तस्करी की वसूली के शक में आशीष परते के साथ मारपीट की गई थी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित अपने भाई के साथ शिकायत करने कोतवाली पहुंचा था। दरअसल जिस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वो तीन महीने पुरानी है। मगर जब गांव में वीडियो वायरल हुआ तो पीड़ित शिकायत करने थाने पहुंचा। जहां पीड़ित के साथ सामाजिक संगठन के लोग मौजूद थे। वायरल वीडियो गुंडा गर्दी साफ़ नजर आ रही है।
जिला प्रशासन की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई। बुधवार को भारी पुलिस बल के साथ आजाद वार्ड स्थित मुख्य आरोपी चैंट उर्फ शोहराब के घर पहुंची टीम ने उसके अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया। कोतवाली टीआई आशीष सिंह पंवार ने बताया कि थाना क्षेत्र के मामले में एक आदिवासी युवक को निवस्त्र कर उल्टा लटकाकर मारपीट की गई थी। इसका मुख्य आरोपी चैंट उर्फ शोहराब है। जहां उसने घटना को घटित किया था वहां उसके अवैध निर्माण को प्रशासन के सहयोग से तोड़ दिया है। इस पूरे घटनाक्रम में 13 धाराओं 294, 323, 506, 34, 342, 327, 365, 368 एससी, एसटी एक्ट के तहत सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें मुख्य आरोपी शोहराब, रिंकेश चौहान और सोहेल शामिल हैं। इस मामले में एक अन्य आरोपी शोएब को मंगलवार रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।





