बंगाल से लड़ी जाएगी 2019 की लड़ाई: तृणमूल प्रमुख

कोलकाता– तृणमूल प्रमुख व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर भाजपा पर लोगों को धार्मिक आधार पर बांटने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यही दांव भाजपा बंगाल में आजमाना चाहती है, लेकिन हम उसे कामयाब नहीं होने देंगे और 2019 में भाजपा को केंद्र की सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने की अगुवाई बंगाल करेगा।
पीएम मोदी बोले- अब चाय बेचने वाला भी…!
बंगाल से ही भाजपा हटाओ, देश बचाओ, सांप्रदायिकता हटाओ, देश बचाओ का नारा बुलंद होगा। ममता ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा हिंदुओं और मुस्लिमों को बांटने की कोशिश की है, लेकिन पंचकूला में एक राम रहीम को रोकने के लिए कई लोगों को जान गंवाने पड़े।
सोमवार को महानगर के मेयो रोड पर गांधी मूर्ति के निकट तृणमूल छात्र परिषद के स्थापना दिवस के उपलक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सुश्री बनर्जी ने कहा कि केंद्र सरकार सभी कामों के लिए आधार को अनिवार्य कर निजता के अधिकार को समाप्त कर देना चाहती है।
हजारों की तादाद में उपस्थित युवा छात्रों को संबोधित करते हुए ममता ने कहा कि छात्र देश के भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि 2019 में परिवर्तन को लेकर छात्र वर्ग की भूमिका काफी अहम रहने वाली है।
निजता के अधिकार को छीन लेना चाहती है
ममता ने कहा कि आधार को सभी कामों के लिए अनिवार्य कर केंद्र सरकार व्यक्तिगत विवरणों का दुरुपयोग करना चाहती है। इससे आप क्या करते हैं? कहां जाते हैं? क्या खाते हैं सभी की जानकारी उनके पास होगी। इतना ही नहीं आधार को फोन नंबर से जोड़ा जा रहा है लेकिन सोचिए अगर डाटा हैक होता है तो फिर क्या होगा? आपकी निजता को खतरा होगा और गोपनीयता के व्यक्तिगत अधिकार का कोई औचित्य शेष नहीं बचेगा।
राम-रहीम को बांटना चाहती है भाजपा
ममता ने कहा कि बंगाल में वे (भाजपा) राम और रहीम को बांटने पर तुले हैं जबकि राम ने कभी रहीम से लड़ाई नहीं की बल्कि राम ने रावण से लड़ा। इस दौरान ममता ने माकपा पर भी निशाना साधा और कहा कि दिल्ली से फर्जी राम आए हैं और उनका साथ वाम यानि वाममोर्चा भी दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में दुर्गापूजा और मुहर्रम के मद्देनजर अशांति फैलाने की कोशिश की जा रही है। दुर्गापूजा विसर्जन को लेकर ममता बनर्जी द्वारा निर्धारित दिन का भाजपा और संघ द्वारा खिलाफत किए जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि एक अक्टूबर को मुहर्रम के दिन दुर्गापूजा विसर्जन पर रोक लगाई गई है तो इसमें गलत क्या है? अक्टूबर 2, 3 और 4 को भी तो विसर्जन किया जा सकता है। हमारी संस्कृति में एकादशी पर विसर्जन कभी नहीं होता है फिर भाजपा इसी दिन विसर्जन को क्यों आमादा है। उन्होंने कहा कि क्या अल्पसंख्यक समुदाय के प्रति हमारा कोई कर्तव्य नहीं है? हम बांटने की राजनीति में विश्वास नहीं करते।
डेरा प्रमुख मामले में भाजपा को घेरा
ममता ने डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह की सजा के बाद हरियाणा के पंचकुला में भड़की हिंसा से निपटने में विफलता के लिए भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि वहां की सरकार इससे निपटने में पूरी तरह विफल रही। ममता ने भाजपा शासित हरियाणा और उत्तर प्रदेश के हालिया घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि वहां की सरकारें कानून-व्यवस्था से निपटने में असफल रही है और वे (भाजपा) हमें कानून की पाठ पढ़ा रहे हैं।
शिक्षण संस्थानों में नहीं चलेगा राजनीति
मुख्यमंत्री ने कहा कि कालेज, विश्वविद्यालयों के कैंपस में बाहरी लोगों के प्रवेश को पूरी तरह से रोकना होगा और यहां राजनीति नहीं चलेगा। मालूम हो कि हालिया दिनों में कई बार विभिन्न कालेजों में छात्र संघर्ष की खबरें आई है जिसमें छात्र नहीं होने के बावजूद बाहरी तृणमूल समर्थकों के प्रवेश की बात कही गई है।
ममता ने इस दिन मंच के माध्यम से स्पष्ट कर दिया कि ऐसा वे हरगिज बर्दाश्त नहीं करेंगी। इसके साथ ही ममता ने शिक्षक व छात्रों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव में छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।





