उत्तराखंड के सातवें राज्यपाल के रूप में बेबी रानी मौर्य ने ली शपथ
देहरादून : बेबी रानी मौर्य रविवार को उत्तराखंड की सातवीं राज्यपाल बन गईं। नैनीताल हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश राजीव शर्मा ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यू इंडिया का संकल्प लिया है, इसके लिए हमें न्यू उत्तराखंड बनाना होगा जो देश की तरक्की में अपना शत-प्रतिशत योगदान दे।
इससे पहले मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति अधिपत्र पढ़कर सुनाया। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, काबीना मंत्री प्रकाश पंत, मदन कौशिक, सुबोध उनियाल, विधायक हरबंस कपूर व गणेश जोशी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत राज्य के तमाम आला अधिकारी मौजूद थे। समारोह में नई राज्यपाल के परिजन व रिश्तेदार भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, गढ़वाल कमिश्नर शैलेश बगोली एवं डीआईजी अजय रौतेला ने नवनियुक्त राज्यपाल का स्वागत किया। जीटीसी हैलीपैड पहुंचने पर मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, डीजीपी अनिल कुमार रतूडी ने राज्यपाल का स्वागत किया। शपथ ग्रहण समारोह के बाद राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने सेना की 21 मद्रास रेजीमेंट की ओर से दिए गए सम्मान गारद का निरीक्षण किया।





