बागी होकर चुनाव लड़ रहे कार्यकर्ताओं पर भाजपा ने अपनाया ये सख्‍त रूख, पार्टी से किया न‍िष्‍कास‍ित…

भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी से बगावत कर चुनाव लड़ने वाले नेताओं पर सख्त रूख अपनाया है। प्रदेश नेतृत्व ने ऐसे कार्यकर्ताओं को पार्टी से निष्काषित कर दिया है, जो पार्टी से टिकट न मिलने की वजह से बागी होकर चुनाव मैदान में उतर गए हैं। गोरखपुर-बस्ती मंडल में ऐसे कार्यकर्ताओं की संख्या पांच है। इन कार्यकर्ताओं को निकालने की कार्रवाई क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह की संस्तुति पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने की है।

बागी हो प्रत्याशी बने कार्यकर्ताओं को भाजपा ने निकाला

गोरखपुर जिले की बांसगांव सीट पर निर्दल प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे विजय पासवान के खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई हुई है। वह भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी का निर्वहन कर चुके हैं। पूर्व जिला कोषाध्यक्ष अजय सिंह टप्पू को पार्टी ने चौरी चौरा विधानसभा सीट से अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ निर्दल चुनाव लडऩे की वजह से निकाला है।

महराजगंज के मीडिया विभाग के जिला संयोजक अजय कुमार श्रीवास्तव भी पार्टी से निकाल दिए गए हैं। वह भी सिसवा सीट पर पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ निर्दल चुनाव मैदान में हैं। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शैलेंद्र कुमार उर्फ राजू श्रीवास्तव को पार्टी ने निकाला है। वह शिव सेना के टिकट से सिद्धार्थनगर की डुमरियागंज सीट पर चुनाव मैदान में उतरे हैं। कुशीनगर की तमकुही राज विधानसभा सीट पर भाजपा के जिला कार्यसमिति सदस्य मान सिंह चौहान जन अधिकार पार्टी के टिकट से चुनाव लड़ रहे हैं। इनके खिलाफ भी निष्कासन की कार्रवाई हुई है। इन सभी कार्यकर्ताओं के निष्कासन की कार्रवाई की लिखित जानकारी प्रदेश नेतृत्व की ओर से संबंधित जिलाध्यक्ष को भेज दी गई है।

विपक्षियों के किसी दुष्प्रचार का काउंटर करें आइटी योद्धा

भाजपा के जिला आइटी और सोशल मीडिया के पदाधिकारियों की गुरुवार को एक बैठक पार्टी के मीडिया सेंटर में सम्पन्न हुई। इस दौरान प्रदेश प्रभारी पंकज शुक्ला और सोशल मीडिया के प्रदेश सह-संयोजक शशि कुमार ने आइटी योद्धाओं से अपील की कि वह विपक्षियों के किसी दुष्प्रचार का काउंटर प्रभावी ढंग से तत्काल करें। मतदान के 48 घंटे पहले इसे लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

इस दौरान सभी को 24 घंटे इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय रहने के लिए कहा गया। बैठक का संचालन सोशल मीडिया के क्षेत्रीय सह संयोजक पीयूष मिश्रा ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय संयोजक अनादि प्रिय पाठक, अनुभव वाजपेयी, आकर्ष दुबे, रूबी सिंह, ज्योतिंद्र नारायण सिंह, अभिषेक वर्मा, अभिषेक मद्धेशिया, राजेश चौबे, चंदन राय आदि मौजूद रहे। स्वागत जिला संयोजक इंद्र कुमार निगम और आभार ज्ञापन महानगर संयोजक समीर श्रीवास्तव ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button