लुधियाना.कार-बाइक का लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए अब आपको ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक सेंटर की लंबी कतार में इंतजार की जरूरत नहीं, इसके लिए घर बैठे अप्लाई कर सकते हैं। इसके बाद अपॉइंटमेंट लेकर अपने हिसाब से दिन टाइम चुनकर टेस्ट देकर सकते हैं। मोहाली, बठिंडा कुछ अन्य शहरों में ट्रायल कामयाब होने के बाद इसे लुधियाना में एसडीएम ईस्ट के अंडर आते सेक्टर 32 ट्रैक पर लागू कर दिया गया है। फिलहाल इसमें अभी ऑनलाइन पेमेंट की ऑप्शन नहीं जुड़ी है लेकिन अफसरों का दावा है कि अगले दस दिनों में यह सुविधा भी शुरू हो जाएगी।
इसलिए तब तक ऑनलाइन अप्लाई करने वालों को सरकारी फीस ट्रैक पर जाकर ही भरनी होगी। इसमें अभी एरिया को लेकर भी कोई बंदिश नहीं है। जिले में रहने वाला कहीं से भी इसके लिए अप्लाई कर सकता है। ऑनलाइन अप्लाई करने से टाइम तो बचेगा ही साथ ही अपनी सुविधा अनुसार दिन भी चुनने की सहूलियत से लोगों को राहत मिलेगी।
ऐसे करें ऑनलाइन अप्लाई
सबसे पहले www.parivahan.gov.in वेबसाइट खोलें। इसमें Driving License Related Services ऑप्शन पर क्लिक करें। इससे खुली नई विंडो में बांई तरफ अप्लाई ऑनलाइन पर क्लिक करें। इससे नीचे New Learner’s License पर क्लिक करें। इसमें बताया जाएगा कि इसका प्रोसीजर क्या है। फिर Continue पर क्लिक करें। चूंकि पहली बार लर्निंग लाइसेंस बनना है तो इस विंडो के सबमिट बटन पर क्लिक करें। इसके बाद स्टेट और उसके सामने आरटीओ ऑफिस में एसडीएम लुधियाना ईस्ट सेलेक्ट करें। फिर एप्लीकेशन डिटेल्स भरकर अपने साइन और फोटो अपलोड करें।
फिर इससे जुड़े डॉक्यूमेंट्स अपलोड करें। इसके बाद आप टेब टेस्ट के लिए अपॉइंटमेंट बुक करें। इसके बाद आपको अपने डॉक्यूमेंट्स लेकर ड्राइविंग ट्रैक पर जाना होगा, जहां सरकारी फीस बाकी फॉर्मेलिटी करने के बाद लर्निंग टेस्ट दे सकेंगे। अभी ऐसे काम होगा, लेकिन जब ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा शुरू हो जाएगी तो लोग घर बैठे पेमेंट कर ट्रैक पर डॉक्यूमेंट्स वेरिफाई करा सीधे टेस्ट दे सकेंगे। मंगलवार से एसडीएम ईस्ट ऑफिस के लिए यह सुविधा शुरू कर दी गई है। जल्द ही पेमेंट का ऑप्शन भी जोड़ देंगे। उसके बाद लोगों को ट्रैक पर आकर डॉक्यूमेंट्स चैक करा सिर्फ टेस्ट ही देना होगा। -गगनपजनी, कोऑर्डीनेटर, पंजाब स्टेट ट्रांसपोर्ट सोसाइटी।
अभी लगना पड़ता है लाइनों में
मौजूदा वक्त में लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए पहले फॉर्म भरकर फाइल तैयार करनी पड़ती है। फिर काउंटर पर जाकर सरकारी फीस जमा करनी पड़ती है। वहीं डॉक्यूमेंट्स चेक होते हैं। इसके बाद दूसरे काउंटर पर जाकर टैब टेस्ट की फाइल जमा करनी पड़ती है। इसके बाद 5-5 आवेदकों का बैच बनाकर टैब टेस्ट लिया जाता है। टैब टेस्ट पास होने के बाद आवेदक की फोटो की जाती है, जो उसके लर्निंग लाइसेंस पर लगती है।