Apple Mega Event: दो SIM के साथ लॉन्च हो सकता है नया iPhone

एप्पल बुधवार रात 10:30 बजे से अपने मेगा इवेंट की शुरुआत करने जा रहा है. इस इवेंट की शुरुआत के पहले ही नए आईफोन को लेकर खबरें बढ़ती जा रही हैं. जहां पहले खबरें आई थीं कि एप्पल अपने मेगा इवेंट में तीन नए iPhone, एप्पल वॉच और एक Macbook लॉन्च करेगा, वहीं अब इस iPhone के फीचर्स को लेकर भी लगातार खबरें बढ़ती जा रही हैं. हाल ही में लीक हुए एक फोटो के अनुसार एप्पल अपने नए iPhone में डुअल सिम सपोर्ट देगा.
टेक्नोलॉजी ब्लॉग Tech Carving ने चीन की न्यूज़ वेबसाइट Weibo पर लगे आईफोन के फोटोज को स्पॉट किया, जिसमें देखा जा सकता है कि एप्पल अपने नए iPhone में डुअल सिम सपोर्ट देगा. Tech carving ने अपने रिपोर्ट में लिखा कि इस सप्ताह की शुरुआत में चीनी टेलिकॉम ने डुअल सिम और डुअल स्टैंडबाई सपोर्ट के साथ आने वाले नए iPhone का पोस्टर रिवील किया. अब उन्होंने नया पोस्टर रिलीज किया है, जिसमें डुअल सिम सपोर्ट वाले iPhone को देखा जा सकता है. डुअल सिम वाले iPhone के बारे में न सिर्फ China Telecom बल्कि China Mobile और China Unicom ने भी पोस्टर्स रिवील किए हैं.
इस बात से यह साफ हो गया है कि लॉन्च होने वाले तीन आईफोन में से एक में डुअल सिम सपोर्ट होगा. हालांकि इस बात की अभी पुष्टी नहीं हो सकी है कि कौन से iPhone में यह फीचर आएगा.
यह भी माना जा रहा है कि डुअल सिम वाला iPhone चीन के लिए एक्सक्लुसिव होगा और इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है कि यह और कहीं लॉन्च होगा या नहीं.
बता दें कि iPhone के मेगा इवेंट की शुरुआत 12 सितंबर को रात 10:30 बजे से होगी. इसमें तीन नए iPhone लॉन्च किए जाएंगे जो iPhone XC, iPhone XS और iPhone XS Plus हो सकते हैं. इसके अलावा और भी कई गैजेट्स लॉन्च किए जा सकते हैं.





