पिटाई से नाराज पत्नी ने पति को आग के हवाले कर कमरे में बंद किया

गाजीपुर। महिलाओं के उत्पीड़न की घटनाएं अक्सर सुनने को मिलती हैं लेकिन, पिटाई से नाराज एक पत्नी इतना गुस्सा हो गई कि उसने केरोसिन छिड़ककर पति को आग के हवाले कर दिया। इतना ही नहीं, झुलसने के बाद पांच दिन तक कमरे में बंद रखा। घटना बड़ेपुर मौजा इलाके में 10 जनवरी को हुई लेकिन, किसी को भनक तक नहीं लग सकी। शनिवार की रात पति शौच का बहाना बनाकर ससुराल से भागा और घर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी तो बात सामने आई। झुलसे व्यक्ति का उपचार चल रहा है।पिटाई से नाराज पत्नी ने पति को आग के हवाले कर कमरे में बंद किया

धुवार्जुन गांव निवासी कुदरत शाह उर्फ ताजू (22) का निकाह बड़ेपुर निवासी शैरुन से 25 मार्च, 2017 को हुआ था। पीडि़त ने बताया कि निकाह के पहले से ही उसकी पत्नी का अफेयर मायके में एक दबंग किस्म के व्यक्ति से चल रहा था। मजदूरी करने वाले ताजू ने कई बार पत्नी को मना किया लेकिन, वह नहीं मानी। जब भी वह काम के लिए दो-चार दिन के लिए बाहर जाता तो पत्नी मायके चली जाती थी।

इस बीच पत्नी के कहने पर ससुराल में ही रहकर मजदूरी करने लगा। गत नौ जनवरी को उसकी पत्नी ने रुपये मांगे और ताजू ने 700 रुपये ही होने की बात कही तो वह भड़क गई। अगले दिन ताजू घर लौटने लगा तो पत्नी को भी घर चलने को कहा। पत्नी ने साथ जाने से इन्कार किया तो उसने दो-तीन थप्पड़ जड़ दिया। इससे नाराज शैरुन ने केरोसिन छिड़ककर पति को आग के हवाले कर दिया और करीब 40 प्रतिशत झुलसने के बाद कमरे में बंद कर दिया। कोतवाल शरद चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। अगर तहरीर मिलेगी तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

Back to top button