राम मंदिर समारोह के मद्देनजर इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता न्यायिक कार्य से रहेंगे अलग

इलाहाबाद उच्च न्यायालय (Allahabad High Court) ने आज यानी सोमवार को अयोध्या में रामलला (Ramlala Pran Pratishtha) की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को देखते हुए न्यायिक कार्य से अलग रहने का निर्णय किया है। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को हुई, जिसमें विचार किया गया कि आज रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में पूरे जनपद और देश में हर्ष एवं उल्लास के माहौल रहेगा और धार्मिक आयोजन होंगे। ऐसे में अधिवक्ता समय से न्यायालय पहुंचने में असमर्थ रहेंगे।
अधिवक्ता प्राण प्रतिष्ठा में होंगे शामिल
इसके अलावा बड़ी संख्या में अधिवक्ता प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए अयोध्या के लिए जा चुके हैं। अधिवक्ताओं के सुझाव और अनुरोध को ध्यान में रखते हुए सोमवार 22 जनवरी को न्यायिक कार्य से अलग रहने का सर्वसम्मति से निर्णय किया गया।
प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के भव्य आयोजन के लिए अयोध्या नगरी दुल्हन की तरह सज-धजकर तैयार है और इस बहु-प्रतीक्षित समारोह के धार्मिक अनुष्ठानों कार्यक्रम से पहले सीएम योगी ने रामजन्मभूमि पहुंच कर जायजा लिया। कई वीआईपी मेहमान अयोध्या पहुंचे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। PM मोदी के स्वागत के लिए सीएम योगी महर्षि वाल्मीकि अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर जाएंगे। इस समारोह के अगले दिन ही यह मंदिर आमजन के लिए खोल दिया जाएगा। ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह अपराह्न 12 बजकर 20 मिनट पर शुरू होगा और अपराह्न एक बजे तक उसके पूरा होने की संभावना है। इसके बाद प्रधानमंत्री आयोजन स्थल पर संतों और प्रतिष्ठित हस्तियों समेत 7,000 से अधिक लोगों की सभा को संबोधित करेंगे।
अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा (Ramlala Pran Pratishtha) और गणतंत्र दिवस (Republic Day) समारोह के मद्देनजर यहां आगरा पुलिस (Agra Police) अलर्ट पर है। पुलिस उपायुक्त (नगर) सूरज कुमार राय ने इसके चलते आगरा कैण्ट रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।





