मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में नीट यूजी से हुए स्टेट कोटे के सभी एडमिशन निरस्त किए गए
भोपाल.राज्य के 6 सरकारी और 6 प्राइवेट मेडिकल और 12 डेंटल कॉलेजों में स्टेट कोटे की नीट यूजी काउंसलिंग से हुए सभी एडमिशन निरस्त कर दिए। सरकारी और निजी कॉलेजों में एमबीबीएस व बीडीएस कोर्स की सभी सीटों काे भरने के लिए अब नए सिरे से पहले चरण की काउंसलिंग 31 अगस्त से शुरू हाेगी। काउंसलिंग का शेड्यूल चिकित्सा शिक्षा विभाग जल्द जारी करेगा।

विभाग ने यह निर्णय सुप्रीम कोर्ट से स्टेट कोटे की सीटों पर मध्यप्रदेश के मूल निवासी उम्मीदवारों को दाखिले देने की अनिवार्यता संबंधी आदेश जारी होने के बाद लिया है। इससे पहले मप्र हाईकोर्ट की जबलपुर बेंच ने राज्य सरकार को स्टेट कोटे की सीटों पर मप्र के मूल निवासी उम्मीदवारों को दाखिला देने का आदेश दिया था। कोर्ट के इस आदेश के विरुद्व चिकित्सा शिक्षा विभाग ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई थी, जिस पर मंगलवार को कोर्ट ने सुनवाई की। स्टेट काेटे की नीट यूजी काउंसलिंग में शामिल कॉलेजों में आखिरी चरण की काउंसलिंग में मध्यप्रदेश मूल निवासी कोटे के उम्मीदवार नहीं होने की स्थिति में दूसरे राज्यों के उम्मीदवारों को एडमिशन दिया जा सकेगा।
एमबीबीएस की सीट आवंटित करा ली थी
ज्वाइंट डायरेक्टर मेडिकन एजुकेशन डॉ. शशि गांधी ने बताया कि प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 70 और निजी मेडिकल कॉलेजों में 554 सीटें एमबीबीएस की खाली हैं। इन सीटों को भरने काउंसलिंग का संशोधित नया कार्यक्रम जल्द घोषित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य के मेडिकल कॉलेजों में 34 एेसे उम्मीदवारों के एडमिशन स्टेट कोटे की काउंसलिंग से हुए हैं, जिन्होंने नीट यूजी के परीक्षा फार्म में खुद को मध्यप्रदेश का मूल निवासी नहीं बताया था। लेकिन, स्टेट कोटे की काउंसलिंग में रजिस्ट्रेशन के समय मध्यप्रदेश का मूल निवासी होने का सर्टीफिकेट अपलोड कर एमबीबीएस की सीट आवंटित करा ली थी। इन स्टूडेंट्स के साथ ही स्टेट कोटे की काउंसलिंग से सरकार अथवा निजी कॉलेज में दाखिला लेने वाले स्टूडेंट्स के एडमिशन प्रक्रिया को निरस्त कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें:- भागने की तैयारी में था राम रहीम, मशीन गन लेकर गया था कोर्ट
अब नए सिरे से बनेगी स्टेट कोटा मैरिट लिस्ट
डॉ. गांधी ने बताया कि राज्य के सरकारी और निजी मेडिकल व डेंटल कॉलेजों में एमबीबीएस व बीडीएस कोर्स में दाखिले के लिए स्टेट कोटा मैरिट लिस्ट नए सिरे से बनेगी। इस मैरिट लिस्ट में केवल मध्यप्रदेश के मूल निवासी छात्रों के नाम रहेंगे। उन्होंने बताया कि 31 अगस्त को शुरू हो रही काउंसलिंग इसी मैरिट लिस्ट के अनुसार होगी।





