एयरटेल के मुनाफे में आई 75 फीसद की भारी गिरावट

नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल के मुनाफे में भारी गिरावट आई है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में कंपनी का लाभ 74.89 फीसद घटकर 367 करोड़ रुपए रह गया।
दूरसंचार क्षेत्र के मैदान में उतरी नई खिलाड़ी रिलायंस जियो की ओर से ऑफरों की झड़ी का एयरटेल के प्रॉफिट पर असर पड़ा। बीते वित्त वर्ष की इसी अवधि में कंपनी को 1462 करोड़ रुपए का लाभ हुआ था। समीक्षाधीन अवधि में भारती एयरटेल का कुल रेवेन्यू भी 14 फीसद घटकर 21958 करोड़ रुपए रह गया। इससे एक साल पहले यह 25546 करोड़ रुपये था।
ग्लैक्सोस्मिथक्लाइन का लाभ घटा : ग्लैक्सोस्मिथक्लाइन फार्मास्यूटिकल्स के लाभ में गिरावट आई है। जून में समाप्त तिमाही के दौरान दवा कंपनी का मुनाफा 63.44 फीसद घटकर 26.42 करोड़ रुपये रह गया। बीते वित्त वर्ष की इसी अवधि में उसे 72.27 करोड़ का मुनाफा हुआ था। कंपनी की परिचालन आय भी 705.33 करोड़ से घटकर 607.09 करोड़ रुपये रह गई।
हीरो मोटोकॉर्प का प्रॉफिट बढ़ा : दोपहिया निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प के मुनाफे में बढ़ोतरी हुई है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी का कर बाद लाभ (पीएटी) 3.5 फीसद बढ़कर 914.04 करोड़ रुपये हो गया। बीते वित्त वर्ष की इसी अवधि में कंपनी को 883.09 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ था। समीक्षाधीन अवधि में कंपनी के परिचालन राजस्व 8010.66 करोड़ से बढ़कर 8612.91 करोड़ रुपये पर पहुंच गए, जो 7.52 फीसद की बढ़ोतरी को दर्शाते हैं।
वेदांता के मुनाफे में दोगुने वृद्धि : माइनिंग कंपनी वेदांता के लाभ में भारी बढ़ोतरी हुई है। जून में समाप्त पहली तिमाही में कंपनी का मुनाफा दोगुना बढ़कर 1525 करोड़ रुपए हो गया। बीते वित्त वर्ष की इसी अवधि में उसे 754 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था। समीक्षाधीन अवधि में कंपनी की आय 23 फीसद बढ़कर 20397 करोड़ रुपए पर पहुंच गई।
एशियन पेंट्स का लाभ 20 फीसद घटा : एशियन पेंट्स के मुनाफे में गिरावट आई है। जून में समाप्त पहली तिमाही के दौरान कंपनी का लाभ 20.23 फीसद घटकर 440.74 करोड़ रुपए रह गया। बीते वित्त वर्ष की इसी अवधि में कंपनी को 552.56 करोड़ रुपए का प्रॉफिट हुआ था। समीक्षाधीन अवधि में उसकी परिचालन आय 4.94 फीसद बढ़कर 4306.60 करोड़ रुपये हो गई। बीते वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 4103.56 करोड़ रुपए थी।





