सीएम पुष्‍कर धामी से वार्ता के बाद सचिवालय संघ ने हड़ताल वापस लेने का किया ऐलान

देहरादून, सचिवालय संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार देर रात हुई वार्ता के बाद समाप्त हो गई। सचिवालय संघ के महासचिव विमल जोशी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सचिवालय भत्ते समेत अन्य मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। गुरुवार को सुबह जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि देने के बाद हड़ताल वापस लेने का एलान कर दिया जाएगा।

सचिवालय भत्ता मूल वेतन का 10 प्रतिशत करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सचिवालय संघ अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहा था। बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी व महासचिव विमल जोशी समेत संघ के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए आमंत्रित किया। वार्ता की जानकारी देते हुए संघ के महासचिव विमल जोशी ने बताया कि मुख्यमंत्री से सकारात्मक माहौल में वार्ता हुई। उन्होंने मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया है। ऐसी मांगें, जिन पर वित्तीय व्ययभार नहीं है, उन्हें मान लिया गया है। उन्होंने कहा कि गुरुवार को सदस्यों को वार्ता की जानकारी देते हुए हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी जाएगी।

इससे पहले बुधवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर भी देखने को मिला। हड़ताली कर्मचारी सचिवालय के सुभाष रोड स्थित मुख्य गेट के बाहर धरने पर बैठे रहे और सचिवालय के अधिकांश अनुभाग बंद रहे। सचिवालय के सुभाष रोड स्थित गेट के भीतर केवल उन्हीं कर्मचारियों को प्रवेश दिया जा रहा था, जो हड़ताल में शामिल न होने का शपथ पत्र भर रहे थे। इसके साथ ही सभी गेट पर वीडियो रिकार्डिंग की व्यवस्था भी की गई थी। सचिवालय कर्मचारियों की हड़ताल को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा। वहीं, हड़ताल के चलते सचिवालय का कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा।

Back to top button