वोट डालने के बाद हार्दिक पटेल का बयान, 100 से ज्यादा सीट जीतेगी गुजरात में कांग्रेस

पाटीदार आरक्षण आंदोलन समिति (पास) के नेता हार्दिक पटेल ने अपने गृहनगर अहमदाबाद जिले के वीरमगाम में आज वोट डाला. मतदान के बाद हार्दिक ने कहा कि मुझे विश्वास है कि सब अच्छा होगा. हार्दिक ने आगे कहा कि उन्होंने लोगों से अपने अधिकार के लिए और अहंकार के खिलाफ वोट डालने की अपील की है. हार्दिक बोले गुजरात एक बड़े महापरिवर्तन की ओर बढ़ रहा है. हार्दिक ने दावा किया है कि कांग्रेस गुजरात चुनाव में 100 से ज्यादा सीट हासिल करेगी.

हार्दिक पटेल के पिता भरत पटेल और मां उषा पटेल ने भी वीरमगम में मतदान किया. मतदान करने से पहले उनके माता-पिता ने भगवान की पूजा की और आशीर्वाद लिया. इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए हार्दिक पटेल की मां ने कहा कि उन्हें अपने बेटे को लेकर डर लगता है क्योंकि वो काफी बड़े आंदोलन का नेतृत्व कर रहा है. 

इसे भी पढ़े: अभी अभी: गुजरात में वोटिंग के दौरान हिंसा, कई हुए घायल

वहीं हार्दिक पटेल के पिता, भरत पटेल अपने बेटे को लेकर आश्वस्त नजर आते हैं. उन्होंने कहा, ‘सभी पाटीदार साथ हैं और हार्दिक के समर्थन में है. इस बात से सभी सहमत हैं कि बदलाव जरूरी है.

बता दें कि गुजरात विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण के लिए आज मतदान किया जा रहा है. वोटिंग सुबह 8 बजे से शाम 5 पांच बजे तक चलेगी. इस चरण में 93 सीटों पर मतदान किया जा रहा है. वोटिंग के लिए 25,558 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं.  इस चरण में कुल 851 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 782 पुरुष और 69 महिला उम्मीदवार शामिल हैं.

चुनाव आयोग के मुताबिक दूसरे चरण में कुल 2 करोड़ 22 लाख 96,867 मतदाता हैं. इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या एक करोड़ 15 लाख 47,435 और महिला मतदाताओं की संख्या एक करोड़ सात लाख 48,977 है. 9 दिसंबर को पहले चरण की 89 सीटों पर बंपर वोटिंग हुई थी, जिसमें 66.75 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था.

Back to top button