एक ऐसी नदी जो बारिश के मौसम में बदलती है अलग-अलग रंग
पूरे विश्व में अलग -अलग नदियां हैं, कुछ नदियों को हिंदू धर्म में बहुत ही पवित्र माना गया है जैसे गंगा, यमुना, सरस्वती आदि। वहीं कुछ नदियां अपनी अनोखी खासियत के कारण प्रसिद्ध होती हैं। हम आपको यहां ऐसी ही एक अनोखी नदी के बारे में बता रहें हैं। ये नदी देखने में बहुत ही खूबसूरत है। आपने आज तक ऐसी नदी नहीं देखी होगी। इसकी सबसे बड़ी खास बात ये है कि इसका पानी 5 रंगों का है, इसी कारण ये नदी पर्यटकों के भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। आप भी जरूर जानना चाहेंगे कि आखिर इस नदी का नाम क्या है और ये कहां पर है। 
ये अनोखी नदी भारत में नहीं बल्कि कोलंबिया में है और इसका नाम केनो क्रिस्टल नदी है। इस नदी का पानी पांच रंगों का है और इसी कारण ये प्रसिद्ध है। वैसे तो पूरे साल इस नदी का पानी अन्य नदियों की तरह ही दिखता है लेकिन जुलाई से लेकर नवंबर तक इस नदी का पानी पांच रंगों में बदल जाता है। यह नदी सेरेनिया दे ला मसेराना से होकर गुजरती है।
पांच रंगों वाली इस नदी को रिवर ऑफ फाइव कलर्स के नाम से भी जाना जाता है। आपको बता दें कि बारिश के मौसम में इस नदी में बहुत सारे रंग-बिरंगे पौधे उग जाते हैं और इन्हीं रंग-बिरंगे पौधों के कारण इस नदी के पानी का रंग बदल जाता है। नदी का साफ पानी हरा, लाल, पीला, काला और नीला दिखाई देने लगता है। अगर आप भी इस नदी की खूबसूरती को देखना चाहते हैं तो बारिश के मौसम में यहां जाएं। ये पांच रंगों वाली नदी आपके जीवन को भी रंगों से सराबोर कर देगी।





