20 फीट लंबे अजगर के साथ सो गया शख्स, धीरे-धीरे दैत्याकार सांप ने समेटा खुद को

दुनिया के सबसे खतरनाक सांपों में अजगर को भी शुमार किया जाता है. ये अपने जहर से नहीं, बल्कि बड़े से बड़े जानवरों को निगलकर उन्हें अपना शिकार बना लेता है. ये अजगर इतने बड़े होते हैं कि इंसान को भी निगल जाएं और उनकी जान ले लें. ऐसे में इन दैत्याकार सांपों को देखने के बाद लोग खुद ही दूर भागते हैं. लेकिन कुछ देश ऐसे भी हैं, जहां पर लोग सांपों की खेती करते हैं. अजगर को घर में पालते हैं, उनके साथ सोते और खाते हैं. सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स बंद कमरे के अंदर अजगर के साथ मौजूद है. हैरत की बात ये है कि वो अजगर के साथ बेखौफ होकर लेटा हुआ, लेकिन अजगर खुद को ऐसे समेट रहा है, मानो वो शिकार की तैयारी में हो.
देखने में ये अजगर कम से कम 20 फीट लंबा लग रहा है, जो बड़े आराम से 6 फीट लंबे इंसान को निगल सकता है. लेकिन वीडियो में नजर आ रहा शख्स बिना डरे उसके साथ सो रहा है. इतना ही नहीं, वो वीडियो बनवाते हुए मुस्कुरा भी रहा है. इस शख्स का नाम फ्रीए पुत्र नाजा (Phriie Putra naja) है, जो इंडोनेशिया का रहने वाला है. वायरल हो रहे इस वीडियो में आप खुद भी देख सकते हैं कि फ्रीए बड़ी आराम से बंद कमरे में अजगर के साथ लेटा हुआ है. वह मुस्कुरा रहा है. दूसरी सांप खुद को समेट रहा है. ऐसा लगता है मानो सांप जल्द ही इस शख्स को निगल जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं होता है. वो बस चुपचाप इस शख्स के बगल में पड़ा रहता है.
बता दें कि जब हमने इस शख्स के इंस्टाग्राम प्रोफाइल को देखा तो पाया कि ये अक्सर सांपों के साथ वीडियो बनाता है और शेयर करता है. कभी कोबरा, तो कभी कोई ब्लैक स्नैक, तो कभी अजगर. ऐसा लगता है कि इस शख्स ने अपने घरों में इन सांपों को पाला हुआ है, क्योंकि कई बार इस शख्स के बच्चे भी इन सांपों के साथ लेटकर वीडियो बनाते हैं. इंस्टाग्राम पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.अब तक इस पर 50 लाख से भी ज्यादा व्यूज आ चुके हैं. वहीं, 1 लाख से ज्यादा लोगों ने इस वीडियो को लाइक किया है, जबकि 54 हजार से ज्यादा यूजर्स ने इसे शेयर किया है. इस वीडियो पर अब तक 3 हजार से ज्यादा कमेंट्स आ चुके हैं.
अजगर के साथ ऐसे खिलवाड़ करने पर कोई नाराजगी जाहिर कर रहा है तो कोई मौत को गले न लगाने की बात कर रहा है. एक यूजर ने कमेंट किया है कि जब इतने आराम से अजगर के साथ लेटे हुए हो तो थोड़े दयालु बन जाओ और उसे निगलने का एक मौका दे दो. असेप नाम के यूजर ने कमेंट किया है कि इतना ही अजगर के साथ सोने का शौक है तो उसे 1 सप्ताह से 1 महीने तक भूखे रखो और तब उसके बगल में सोकर दिखाओ. पता चल जाएगा कितनी तगड़ी दोस्ती है. वहीं, एंडी लिम ने लिखा है कि हां-हां बिल्कुल सोओ. एक दिन ऐसा आएगा जब तुम उसके पेट के अंदर सोते पाए जाओगे.





