लड़कियां दुनियादारी में मस्त, इसलिए कट रहीं चोटियांः मुफ्ती मुमताज आलम

महिलाओं और लड़कियों की चोटियां काटे जाने की घटना को कानपुर शहर के मुफ्ती मुमताज आलम मिस्बाही ने औरतों और लड़कियों के गुनाहों का नतीजा बताया है। उन्होंने कहा है कि लड़कियां दुनियादारी में मस्त हैं। बेपर्दा खुलेमाम बाजारों में टहलना, सिर को बिना ढके बालों को खोलकर नुमाइश करने का नतीजा है। यह सब उन महिलाओं के लिए सबक है।

औरतों लड़कियों को चाहिए कि सच्चे दिल से तौबा करें और पांचों वक्त की नमाज पढ़ें। मुफ्ती बाबूपुरवा के मदरसा मनाजिरुल उलूम के दारुल इफ्ता के अध्यक्ष हैं। शनिवार तड़के बाबूपुरवा में एक महिला की चोटी कटने के बाद उन्होंने यह बात कही है।
तंजीम बरेलवी उलेमा-ए-अहले सुन्नत के अध्यक्ष हाफिज मोहम्मद फैसल अजहरी भी बाबूपुरवा में इस घटना की सच्चाई पता करने वहां पहुंचे। उन्होंने कहा कि महिलाएं आयतुल कुर्सी पढ़कर रात में सोएं। चोटी वाली घटना हुई तो है लेकिन इस तरह की बातों को फैलाएं नहीं। यह वक्त खराब है।
मुसलमान नबी पाक के नक्शे कदम पर चलें। एक दूसरे की मदद करें। हर हाल में अल्लाह का शुक्र अदा करें। तंजीम के मीडिया प्रभारी मौलाना हस्सान कादरी ने कहा कि सिर्फ इस वक्त नहीं बल्कि हर वक्त अल्लाह का याद करें। बुरा वक्त कभी नहीं आएगा।





