अक्षर पटेल और वॉशिंगटन की ‘सुंदर’ बल्लेबाजी से भारत ने इंग्लैंड को हराया

अक्षर पटेल के हरफनमौका प्रदर्शन के दम पर भारत ने बर्मिंघम में खेले गए पहले वनडे मैच में जीत हासिल की है। पटेल ने गेंद से पहले 4 विकेट हासिल किए और फिर मुश्किल स्थिति में अर्धशतक लगाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई। पटेल का वॉशिंगटन सुंदर ने अच्छे से साथ निभाया और भारत को आखिरकार जीत मिली।

टीम इंडिया को आखिरी बार किसी इंटरनेशनल मैच में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में मिली थी, जो 8 मार्च को खेला गया था। इसके बाद भारत को आयरलैंड और फिर इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा। भारत लगातार 6 मैचों में हारा लेकिन आखिरकार अब वनडे में जीत मिली है। भारत ने मुकाबले में 6 विकेट से जीत हासिल की है।

इंग्लैंड की आधी टीम 80 रनों पर लौट चुकी थी पवेलियन

जसप्रीत बुमराह की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों के सामने पहले वनडे मुकाबले में एक समय इंग्लैंड की पारी पूरी तरह बिखरती नजर आ रही थी और 80 रन पर उसकी आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी, लेकिन अनुभी जो रूट (76*) और लियाम डॉसन (68) की जुझारू पारियों ने मेजबानों को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

जो रूट और लियाम डॉसन की शतकीय साझेदारी

दोनों ने सातवें विकेट के लिए 121 रन जोड़े, जिससे इंग्लिश टीम 258 रन का स्कोर बनाने में सफल रही। बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर मंगलवार को इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का निर्णय किया। शुरुआत में इंग्लिश टीम ने सधी हुई शुरुआत की और 13 ओवर तक 61 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बाद खेल पलटा। गुरनूर बराड़, प्रसिद्ध कृष्णा और तीन साल बाद वनडे में वापसी कर रहे बुमराह की तेज गेंदों ने ऐसा कहर बरपाया कि 22वें ओवर तक स्कोर 107 रन पर छह विकेट हो गया।

ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड की पूरी टीम 150 रन के भीतर सिमट जाएगी लेकिन यहीं से जो रूट ने अपने अनुभव का परिचय दिया। उन्होंने 76 रन की संयमित पारी खेली, जबकि लियाम डॉसन ने 83 गेंदों पर करियर का सर्वश्रेष्ठ 68 रन बनाकर भारत की मुश्किलें बढ़ा दीं। दोनों ने भारतीय गेंदबाजों के शुरुआती दबाव को झेला और फिर ढीली गेंदों का भरपूर फायदा उठाया। रूट ने छह चौके और एक छक्का लगाया।

जसप्रीत बुमराह की कहर बरपाती गेंदबाजी

भारतीय गेंदबाजी की अगुवाई हमेशा की तरह जसप्रीत बुमराह ने की। छह सप्ताह के ब्रेक के बाद लौटे बुमराह ने शुरुआत से ही कहर बरपाया। उन्होंने नौ ओवर में सिर्फ 31 रन देकर एक विकेट लिया, लेकिन आंकड़े उनके प्रभाव की पूरी कहानी नहीं बताते। उन्होंने 36 डॉट गेंदें फेंकी और लगातार अतिरिक्त उछाल व स्विंग से इंग्लैंड के बल्लेबाजों को परेशान रखा।

अक्षर पटेल और गुरनूर बराड़ की शानदार गेंदबाजी

युवा तेज गेंदबाज गुरनूर ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गेंद के भीतर बेन डकेट (43) और जैकब बेथेल (14) को आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने जोस बटलर और सैम करन को लगातार झटके देकर इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेल दिया। हालांकि रूट और डॉसन की शानदार साझेदारी ने मैच का रुख बदल दिया। अंत में अक्षर पटेल ने वापसी करते हुए चार विकेट चटकाए और वनडे करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया।

विराट कोहली और रोहित शर्मा रहे फ्लॉप

विराट कोहली और रोहित शर्मा की वापसी का इंतजार फैंस को बेसब्री से था क्योंकि दोनों सिर्फ वनडे फॉर्मेट में खेलते हुए दिखाई देते हैं। हालांकि, दोनों का बल्ला बर्मिंघम में नहीं चला। रोहित को अच्छी शुरुआत मिली लेकिन वे 11 रन बनाकर आउट हो गए। विराट कोहली भी बड़ा स्कोर नहीं बना सके और जोफ्रा आर्चर ने उन्हें 5 रनों के स्कोर पर आउट कर दिया।

शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर की शतकीय साझेदारी

भारत ने विराट और रोहित के रूप में 48 रनों के स्कोर पर 2 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान श्रेयस अय्यर ने साझेदारी कर टीम इंडिया की वापसी कराई। दोनों ने 100 से अधिक रनों की साझेदारी की। गिल 80 रन पर खेल रहे थे, तभी मांसपेशियों में खिंचाव के कारण उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। गिल के बाहर जाते ही अय्यर रन आउट हो गए और 35 रन बनाए।

अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर की साझेदारी

अय्यर के आउट होने के बाद केएल राहुल बड़ा स्कोर नहीं बना सके और एक रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद टीम इंडिया दबाव में आ गई थी लेकिन अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने मोर्चा संभाला। दोनों ने थोड़ी धीमी शुरुआत की लेकिन एक बार जम गए, तो बड़े शॉट्स भी खेलने लगे। दोनों ने 54 गेंदों पर ही 50 रनों की साझेदारी कर डाली।

भारत की 6 विकेट से जीत

टीम इंडिया ने मुकाबले में 6 विकेट से जीत हासिल की। भारत ने एक समय पर 160 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम मुश्किल में फंस गई है लेकिन अक्षर और सुंदर के अर्धशतक के दम पर टीम इंडिया ने जीत हासिल की। पटेल ने 52 गेंदों पर नाबाद 57 रनों की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और एक छक्का शामिल रहा। सुंदर ने भी अर्धशतक लगाया 4 चौके और एक छक्के की मदद नाबाद 52 रन बनाए।

Back to top button