जम्मू-कश्मीर: 26 करोड़ की सौगात के साथ आज जम्मू-कश्मीर में बड़ा रोजगार कार्यक्रम

प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत रोजगार पाने वालों और रोजगार देने वालों के लिए 19 जून का दिन खास होगा। इस दिन केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के कार्यक्रम में उन्हें एक तय धनराशि दी जाएगी। राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से तो प्रदेश स्तर पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा इस कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।
जम्मू-कश्मीर में आयोजित कार्यक्रम में एलजी मनोज सिन्हा लोकभवन श्रीनगर से वर्चुअल जुड़ेंगे। पात्र कर्मचारियों और नियोक्ताओं को अनुदान प्रदान करेंगे। केंद्रीय भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के मुताबिक प्रदेश में 1,522 कर्मचारियों में 74 लाख और रोजगार देने वाले 304 नियोक्ताओं को 25.42 करोड़ रुपये अनुदान प्रदान किया जाएगा। ईपीएफओ जम्मू के मुताबिक, लोकभवन श्रीनगर से एलजी मनोज सिन्हा वर्चुअली कार्यक्रम का शुभारंभ करने के साथ ही लाेगों को संबोधित भी करेंगे।
सबसे बड़ा आयोजन जम्मू शहर स्थित कन्वेंशन सेंटर में होगा जिसमें सांसद जुगल किशोर शर्मा, राज्यसभा सदस्य सत शर्मा और विधायक अरविंद गुप्ता सहित लाभार्थी मौजूद रहेंगे। बाड़ी ब्राह्मणा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन बाड़ी ब्राह्मणा में कार्यक्रम करवाएगी। इसमें विधायक चंद्र प्रकाश गंगा उपस्थित रहेंगे। शुक्रवार शाम साढ़े चार बजे शुरू होने वाले कार्यक्रम की शुरुआत विज्ञान भवन नई दिल्ली से पीएम मोदी करेंगे। देश भर में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में करीब 9,000 नियोक्ता प्रतिनिधि और लगभग 45,000 कर्मचारी शामिल होंगे।
क्या है प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना केंद्र सरकार की एक प्रमुख रोजगार जुड़ी प्रोत्साहन योजना है। इसका मकसद औपचारिक रोजगार को बढ़ावा देना, संगठित कार्यबल में पहली बार शामिल होने वालों की मदद करना और नियोक्ताओं को अतिरिक्त नौकरियां पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इसके तहत पहली बार नौकरी पाने वाले कर्मचारियों को एक महीने का वेतन (15,000 तक) छह-छह महीने पर मिलता है। नियोक्ताओं को अतिरिक्त रोजगार पैदा करने के लिए दो साल तक प्रति माह तीन हजार रुपये प्रोत्साहन दिया जाता है। मेन्युफेक्चरिंग सेक्टर को अतिरिक्त दो साल के लिए और मदद मिल सकती है जिससे उद्योगों में लगातार नौकरियां पैदा करने को बढ़ावा मिलेगा।





