RCB vs GT: एक गेंद ने फीकी कर दी हीरो Sai Sudharsan की चमक

आईपीएल के 19वें सीजन में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में टॉप पर शुमार साई सुदर्शन के नाम इतिहास का ऐसा शर्मनाक रिकॉर्ड जुड़ जाएगा, ऐसा किसी ने नहीं सोचा होगा। आईपीएल 2026 के पहले क्वालिफायर मैच में साई सुदर्शन हिट विकेट होकर पवेलियन लौटे। उनके साथ दूसरी बार ये मनहूस घटना घटी और वह हिट विकेट आउट हो गए। आईपीएल इतिहास में इस तरह वह पहले प्लेयर बन गए है, जो दो बार हिट विकेट के तौर पर आउट हुआ है।

Sai Sudharsan के नाम जुड़ा IPL का सबसे अनचाहा रिकॉर्ड

दरअसल, जीटी की बैटिंग काफी हद तक ओपनिंग जोड़ी पर निर्भर करती है। आईपीएल 2026 के पहले क्वालिफायर मैच में आरसीबी के खिलाफ जीटी को 255 रन का टारगेट मिला था। उम्मीद की जा रही थी कि ऑरेंज कैप की रेस में टॉप पर चल रहे साई सुदर्शन और शुभमन गिल टीम को ठोस शुरुआत दिलाएंगे, लेकिन वह सिर्फ 9 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुए और आरसीबी को मैच की शुरुआत में बहुत बड़ा विकेट मिला।

तीसरे ओवर में साई सुदर्शन का किस्मत ने साथ नहीं दिया। जैकब डफी ने ऑफ स्टंप के बाहर शॉर्ट ऑफ लेंथ गेंद डाली, जिस पर वह बैकफुट पर गए और प्वाइंट की दिशा में जोरदार कट शॉट खेला। गेंद तेजी से बाउंड्री की तरफ निकल गई और ऐसा लगा कि जीटी को एक और चौका मिलने वाला है।

ये चौका हो भी गया, लेकिन ड्रामा तो तब देखने को मिला जब खेलते समय सुदर्शन के हाथ से बल्ला छूट गया और बैट पीछे की तरफ उछला और सीधे स्टंप्स से टकरा गया। उस वक्त सुदर्शन रन लेने के लिए आगे बढ़ गए थे और उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि उनका बैट स्टंप्स पर गिर चुका है। जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो स्टंप्स बिखरे पड़े थे और पूरे स्टेडियम में मौजूद फैंस हैरान रह गए।

इस तरह साई सुदर्शन आईपीएल प्लेऑफ इतिहास में हिट विकेट आउट होने वाले सिर्फ दूसरे बैटर बने। इससे पहले 2025 में जीटी के लिए खेलते हुए कुसल मेंडिस एमआई के खिलाफ इसी तरह आउट हुए थे।

Back to top button