SLvIND Live: लंच तक टीम इंडिया का स्कोर 503/7, प्रदीप ने झटके 5 विकेट


रहाणे ने अपने टेस्ट करियर का 12वां अर्धशतक जमाया। उन्होंने रंगना हेराथ द्वारा किए पारी के 97वें ओवर की तीसरी गेंद पर स्ट्रैट ड्राइव लगाकर चौका जमाया और फिफ्टी पूरी की। रहाणे ने अपनी सजीली अर्धशतकीय पारी में तीन बार गेंद को सीमा रेखा के पार भेजा। अर्धशतक पूरा करने के बाद रहाणे भी पवेलियन लौट गए। उन्होंने लहिरू कुमार की गेंद पर ड्राइव लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर स्लिप में मौजूद करुनारात्ने के हाथों में गई। करुनारात्ने ने दाएं साइड डाइव लगाकर रहाणे का अच्छा कैच लपका।
इसके बाद रविचंद्रन अश्विन (47) और ऋद्धिमान साहा (16) ने छठे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी की और टीम को 500 रन के आंकड़े के करीब पहुंचाया। अश्विन ने अपनी पारी में कुछ दर्शनीय शॉट खेले। उन्होंने 60 गेंदों में 7 चौको की मदद से 47 रन बनाए। श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान प्रदीप ने बाउंसर पर अश्विन का कैच विकेटकीपर डिकवेला के हाथों कराया और अपना पांचवा शिकार पूरा किया। इससे पहले हेराथ ने साहा को मिडऑन पर परेरा के हाथों की शोभा बनाया था।
श्रीलंका की तरफ से नुवान प्रदीप ने पांच और लहिरू कुमार ने एक विकेट लिया है। हेराथ को 31 ओवर की गेंदबाजी करने के बाद विकेट मिला।





