‘काफी मुश्किल सफर रहा’, सीजन की 10वीं हार झेलने के बाद छलका Rishabh Pant का दर्द

श्रेयस अय्यर के नाबाद 101 रन की पारी के दम पर पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को हराते हुए अपनी टीम को आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की दौड़ में बरकरार रखा है। अब पंजाब की नजरें आज होने वाले दोनों मैच पर होगी।
मैच में पहले बैटिंग करते हुए लखनऊ ने 197 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे अय्यर के शतक और प्रभसिमरन की फिफ्टी की मदद से पंजाब किंग्स ने 18 ओवर में ही हासिल कर लिया। वहीं, लखनऊ की सीजन की ये 10वीं हार रही। अपने आखिरी मैच में भी हार का सामना करने के बाद लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के दौरान काफी निराश दिखे।
Rishabh Pant ने सीजन की 10वीं हार के बाद क्या कहा?
दरअसल, मैच के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG Captain Rishabh Pant) के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा कि शुरुआती सोच यही है कि ये मुश्किल है। कुछ भी हो, हमें ये झेलना ही पड़ेगा। हम अपना सिर ऊंचा रखेंगे। अच्छा हो या बुरा, बहुत कुछ सीखने को मिला है। टीम के तौर पर हमारे लिए निश्चित रूप से एक कठिन सीजन रहा।
पंजाब के खिलाफ मैच में मिली हार पर पंत ने कहा,
“हमेशा आप 5-10 रन और बना सकते हैं, लेकिन मुझे लगता है कि टोटल में काफी रन थे। पर साथ ही ये मुश्किल हो जाता है क्योंकि इकाना में दूसरी पारी में विकेट बल्लेबाजी के लिए हर बार बेहतर हो जाता है। इसीलिए हर कोई पहले फील्डिंग करना चाहता है।”
‘अगले सीजन और मजबूत होकर वापसी करेंगे’
आईपीएल 2026 में लखनऊ के बेहद ही खराब प्रदर्शन पर पंत ने कहा,
टीम के तौर पर हम पॉजिटिव चीजें देखना चाहते हैं। जोश आया और उसने शानदार पारी खेली। मिच यहां नहीं है। उसने हमारे लिए बहुत अच्छा किया। गेंदबाजी में प्रिंस का सीजन कमाल का रहा। पिछले कुछ मैचों में वो ऊपर-नीचे रहा, लेकिन उसका पूरा सीजन शानदार था, उसका नेशनल टीम के लिए भी मौका मिला। मोहसिन चोट से वापसी कर रहा है। निश्चित रूप से बहुत सारी पॉजिटिव चीजें हैं। खासकर शमी भाई ने जिस तरह से पूरे तेज गेंदबाजी यूनिट को एक साथ रखा है, वो देखना अद्भुत रहा। कभी-कभी बिना जिम्मेदारी के आइडिया पर काम करना सबसे मुश्किल होता है। साथ ही आपको सही चीज पर फोकस करना होता है और अच्छा हो या बुरा, सही रास्ते पर बने रहना होता है। आप सब कुछ स्वीकार करते हैं और उससे आगे बढ़ जाते हैं। ये एक लंबा सीजन रहा, लेकिन साथ ही हम अपना सिर ऊंचा रख रहे हैं और वादा करते हैं कि कुछ भी हो, अगले साल और मजबूत होकर वापसी करेंगे।
-ऋषभ पंत





