टी20 वर्ल्ड कप जीतने के लिए भारतीय महिला टीम ने महाकाल के दरबार में लगाई अर्जी

अगले महीने से शुरू हो रही आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी जुटी भारतीय टीम की खिलाड़ियों ने शनिवार को उज्जैन स्थित बाबा महाकाल के दर्शन किए और जीत के अर्जी लगाई। भारतीय महिला टीम ने सुबह-सुबह भस्म आरती में हिस्सा लिया।

टीम इंडिया की खिलाड़ी दो फ्लाइटों में शुक्रवार शाम को इंदौर पहुंची और शनिवार सुबह उज्जैन जाकर महाकालेश्वर के दर्शन किए। इस दौरान टीम की खिलाड़ी पूजा में लीन नजर आईं।

ये खिलाड़ी पहुंचीं उज्जैन

मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) की सहसचिव और भारत की पूर्व खिलाड़ी अरुंधति किरकिरे ने बताया कि शेफाली वर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, श्रेयांका पाटिल, क्रांति गौड़, भारती फूलमाली, अरुंधति रेड्डी, हरमनप्रीत कौर, दीप्ति शर्मा उज्जैन दर्शन के लिए आई थीं। सुबह भस्म आरती और दर्शन करने के बाद टीम की खिलाड़ियों का मंदिर समिति ने स्वागत किया। ये पहली बार नहीं है जब महिला टीम यहां आई थी। इससे पहले भी टीम इंडिया की खिलाड़ियों ने महाकाल का आशीर्वाद लिया है।

टी20 खिताब पर नजरें

टीम इंडिया ने पिछले साल भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप में जीत हासिल की थी और पहली बार खिताब जीता था। वहीं टीम इंडिया ने अभी तक एक भी बार टी20 वर्ल्ड कप नहीं जीता है और उसकी कोशिश होगी कि वह इस बार ये सूखा खत्म करे। इस वर्ल्ड कप की शुरुआत 12 जून से इंग्लैंड में हो रही है। टीम इंडिया बेंगलुरू स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में इसकी तैयारी कर रही है।

Back to top button