Virat Kohli के 9वें आईपीएल शतक से टॉप पर पहुंची आरसीबी, दो टीमों को तगड़ा नुकसान

विराट कोहली (Virat Kohli 9th IPL Century) के 60 गेंद में 105 रन की नाबाद पारी की मदद से आरसीबी (RCB) ने केकेआर (KKR) को 6 विकेट से धूल चटाई। करीब 75 मिनट की बारिश के कारण मैच की शुरुआत भले ही देर से हुई थी, लेकिन रायपुर के शहीद वीर नायरण सिंह स्टेडियम में फैंस का इंतजार पूरी तरह सफल रहा।
विराट कोहली ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मंच और हाई प्रेशर वाली स्थिति में उनसे बेहतर बल्लेबाज शायद ही कोई हो। केकेआर पर मिली इस जीत के बाद आरसीबी ने अंक तालिका में एक बार फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
कोहली के आईपीएल करियर का 9वां शतक और केकेआर के खिलाफ दूसरे शतक ने आरसीबी को टॉप पर पहुंचाया, जबकि प्वाइंट्स टेबल में केकेआर के साथ गुजरात टाइटंस को भी नुकसान झेलना पड़ा।
IPL 2026 Points Table में टॉप पर RCB
आरसीबी की टीम आईपीएल 2026 की प्वाइंट्स टेबल में 16 अंक और +1.053 के नेट रन रेट के साथ पहले स्थान पर पहुंच गई है। गुजरात टाइटंस की टीम दूसरे पायदान पर एक स्थान के नुकसान के साथ खिसक गई। जीटी की टीम के पास 16 अंक है और उनका नेट रन रेट 0.551 का है।
तीसरे पायदान पर सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 14 अंक के साथ और 0.331 नेट रन रेट के साथ मौजूद है। पंजाब किंग्स की टीम 13 अंक के साथ चौथे स्थान पर है। सीएसके की टीम 12 अंक के साथ पांचवें स्थान पर है। आरआर की टीम छठे, दिल्ली कैपिटल्स 7वें, केकेआर की टीम 8वें, मुंबई इंडियंस की टीम 9वें पायदान और लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम आखिरी पायदान पर मौजूद है।
प्लेऑफ में आरसीबी की जगह लगभग पक्की
आरसीबी की जीत के साथ ही 12 मैचों में 16 अंक के साथ उनकी प्लेऑफ में जगह लगभग पक्की हो गई है। घरेलू मैदान (बेंगलुरु और रायपुर) में खेले गए 7 मैच में से 6 मैच में उन्होंने जीत हासिल की।
अब उनकी नजरें टॉप-2 में रहते हुए क्वालीफायर-1 में जगह बनाने पर होंगी, क्योंकि इसमें जीतने वाली टीम सीधे फाइनल खेलती है। दूसरी ओर केकेआर के लिए प्लेऑफ की दौड़ मुश्किल हो गई। उसके तीन मैच बाकी हैं और अगर वह तीनों भी जीत लेती है तो ज्यादा से ज्यादा उसके 15 अंक ही होंगे। ऐसे में उसके प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद बेहद कम है।





