Bharath Kanth Died: कार एक्सीडेंट में गई 31 साल के साउथ एक्टर की जान

साउथ सिनेमा को लगता है कि किसी की बुरी नजर लग गई है। बीते दिनों में कई कलाकारों के किसी न किसी हादसे में मारे जाने की खबरें सामने आई थीं। अब जो खबर आ रही है, उसके बारे में जानकर आपका भी दिल टूट जाएगा। महज 31 साल के मशहूर तेलुगु फिल्म कलाकार भरत कांत का निधन हो गया है।
हैदराबाद के आउटर रिंग रोड पर देर रात एक ट्रक से कार टकराने के बाद भरत कांत और एक अन्य व्यक्ति साई त्रिलोक की मौत हो गई, जिसे उनका दोस्त बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
कार एक्सीडेंट में हुई भरत कांत की मौत
पुलिस की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक भरत कांत अपने दोस्त के साथ कार से जा रहे थे।अचानक से उनका कार एक ट्रक से टकराई, जिससे भयानक हादसा हुआ और मौके पर ही दोनों व्यक्तियों की मौत हो गई। हमने मामले को दर्ज कर लिया है और इसकी पूरी जांच में जुट गए हैं। मालूम हो कि भरत कांत का कार एक्सीटेंड कल रात आउटर रिंग रोड के Exit No. 12 पर हुई।
भरत कांत की मौत की खबर सामने आने के बाद साउथ सिनेमा में मातम पसर गया है और हर कोई स्तब्ध नजर आ रहा है। 31 साल की उम्र में इस तरह से दुनिया को छोड़कर जाने वाले भरत के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, साथ ही फैंस की भी आंखें नम हैं।
आपको बता दें कि बीते दिनों में ये पहली दुर्घटना नहीं है, जिसमें किसी साउथ फिल्म कलाकार ने अपनी जान गवाई है, इससे पहले बीते हफ्ते मलयालम अभिनेता संतोष नायर और अनुभवी तमिल निर्माता आर.बी. चौधरी की भी मौत सड़क हादस में हुई थी।
इन मूवीज के लिए फेमस थे भरत
भरत कांत तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के उभरते हुए कलाकारों की फेहरिस्त में शामिल थे। गौर किया जाए उनके एक्टिंग करियर की तरफ तो साल 2021 में आई फिल्म ग्रामम और टेनेंट (2024) से उन्होंने दर्शकों का दिल जीता था। इन मूवीज में उन्होंने मुख्य भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, वह गीतांजलि और पार्वती परमेश्वरुलु जैसी वेब सीरीज में भी नजर आए थे।





