यूजीसी नेट के कैडीडेट्स के लिए अब आधार जरूरी, अप्लाई करने यह करना होगा

  • अजमेर. सीबीएसई द्वारा इस वर्ष 5 नंवबर को आयोजित किए जाने वाले यूजीसी नेट के लिए अब अभ्यर्थियों को आॅनलाइन आवेदन करते समय आधार संख्या की जानकारी भी देनी होगी। यह जानकारी सीबीएसई द्वारा मंगलवार को जारी की गई है। इस परीक्षा के लिए 1 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होनी है। सीबीएसई ने कहा कि यूजीसी नेट नवंबर 2017 की परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन वाले अभ्यर्थियों द्वारा आधार का उपयोग करने से अभ्यर्थियों के विवरण में प्रामाणिकता आएगी। इसमें परीक्षा केंद्रों में सुविधाजनक तथा बिना परेशानी के आवेदकों की पहचान को सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी। आधार होने पर किसी एक आवेदक की पहचान के प्रमाणित करने के लिए कई दस्तावेज दिखाने की आवश्यकता नहीं होगी।
    यूजीसी नेट के कैडीडेट्स के लिए अब आधार जरूरी, अप्लाई करने यह करना होगा
     
    अभ्यर्थियों को यह करना होगा
    – आधार धारक आवेदकों को यूजीसी नेट नवंबर 2017 के लिए ऑनलाइन आवेदन करते समय अपनी आधार संख्या, नाम, जन्मतिथि एवं जेंडर डालना होगा, ताकि उनकी पहचान तथा प्रामाणिकता सुनिश्चित की जा सके। 
    – वैसे आवेदक, जिन्होंने आधार के लिए नामांकन नहीं किया है, आधार अधिनियम की धारा 3 के अनुसार आधार प्राप्त करने के पात्र आवेदकों को आधार नामांकन के लिए आवेदन करना होगा। उन्हें आधार के लिए नामांकन कराने के लिए आधार नामांकन केंद्र पर जाना होगा।
    – ये प्रावधान जम्मू व कश्मीर, असम तथा मेघालय को छोड़ कर सभी राज्यों में लागू होंगे। 
    – जम्मू-कश्मीर, असम व मेघालय राज्यों के आवेदकों को अपनी पासपोर्ट संख्या, राशन कार्ड संख्या, बैंक खाता संख्या या अन्य कोई वैध सरकारी पहचान संख्या डालनी होगी। इन अभ्यर्थियों को केवल इन्हीं राज्यों के परीक्षा केंद्र शहरों का चयन करना होगा।
     
    पूर्व में नीट और जेईई मेंस में भी आधार लागू किया जा चुका है
    सीबीएसई की ओर से पूर्व में नीट 2017 और इसके बाद जेईई मेंस में भी आधार लागू किया जा चुका है। इसके माध्यम से परीक्षा केंद्रों पर मूल आवेदक की पहचान में सुविधा रही। इधर, सीबीएसई पूर्व में ही संकेत दे चुका था कि अन्य परीक्षाओं में भी इसका उपयोग किया जाएगा। अब सीबीएसई ने यूजीसी नेट के लिए भी यह व्यवस्था कर दी है।
     
    22 जनवरी को हुई थी परीक्षा, 29 मई को आया था रिजल्ट
    सहायक प्रोफेसर पदों की पात्रता व जूनियर रिसर्च फैलोशिप के लिए सीबीएसई यूजीसी नेट परीक्षा का आयोजन करती है। सीबीएसई की अोर से अंतिम यूजीसी नेट परीक्षा का आयोजन 22 जनवरी को किया गया था। इसका परिणाम गत 29 मई को घोषित किया गया था।
     
     
Back to top button