7 किताबों पर बन रही Harry Potter Series में दिखेगी नई कहानी

महज एक सप्ताह के भीतर इंटरनेट मीडिया पर चर्चा है बस उस जादू की जो एक बार फिर छाने को तैयार है। दशकों तक किताबों और फिल्मों के जरिए जादुई दुनिया का एहसास कराने वाले हॉगवर्ट्स स्कूल के दरवाजे एक बार फिर खुल चुके हैं, लेकिन इस बार बड़े पर्दे पर नहीं, बल्कि आपके लिविंग रूम की टीवी स्क्रीन पर।

एचबीओ ओरिजनल हैरी पॉटर सीरीज (Harry Potter Series) का प्रीमियर क्रिसमस 2026 में होने जा रहा है। हाल ही में जारी हुए पहले टीजर ने दुनिया भर में उत्साह की लहर पैदा कर दी है। टीजर सामने आने के महज 48 घंटों के भीतर इसे 277 मिलियन से अधिक बार देखा गया, जो एक नया रिकार्ड है।

हैरी पॉटर सीरीज में खुलेंगे अनकहे पन्ने
इस सीरीज की सबसे बड़ी चर्चा इसकी नई स्टार कास्ट को लेकर है। फिल्मों के विपरीत, जहां समय की कमी के कारण कई महत्वपूर्ण उपकथाओं को छोड़ दिया गया था, यह सीरीज प्रत्येक किताब को एक पूरे सीजन के रूप में पेश करेगी। इसका मतलब है कि प्रशंसक अब उन बारीकियों और किरदारों को देख पाएंगे जो फिल्मों में जगह नहीं बना पाए थे।

क्यों सीरीज स्वीकार नहीं कर पा रहे लोग?
सात किताबों पर आधारित सात सीरीज में बनने वाली इस सीरीज को मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। कुछ इसको लेकर निराश हैं, क्योंकि इस फिल्म से जुड़ी यादों को लेकर लोग इस नएपन को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं तो वहीं कुछ इसे नई पीढ़ी के साथ अपनी एक खास चीज साझा करने जैसा मान रहे हैं।

हैरी पॉटर की स्टार कास्ट
टीजर में नई ‘गोल्डन ट्रायो’ की पहली झलक मिली है, जिसमें हैरी पाटर की भूमिका में डोमिनिक मैकलागिन, रॉन वीज्ली की भूमिका में एलेस्टेयर स्टाउट और अराबेला स्टैंटन हरमायनी ग्रेंजर के किरदार में दिखेंगी।

कब रिलीज होगी हैरी पॉटर सीरीज
दिसंबर 2026 में क्रिसमस के मौके आने को तैयार इस सीरीज को लेकर मेकर्स का मानना है कि हैरी पॉटर और क्रिसमस का पुराना नाता है, इसलिए यह सीरीज क्रिसमस पर प्रशंसकों के लिए बेहतरीन तोहफा साबित होगी।

Back to top button