Ramayana की स्क्रीनिंग यूएस में होने से नाराज थे फैंस, नमित मल्होत्रा ने तुरंत दी सफाई

नितेश तिवारी की रामायण (Ramayana) का फर्स्ट लुक टीजर हनुमान जयंती के मौके पर 2 अप्रैल को रिलीज किया गया। मूवी में रणबीर कपूर राम और साईं पल्लवी सीता के रोल में नजर आईं। लेकिन टीजर देखने वाले कुछ लोगों के मन में फिल्म को लेकर नारजगी है।

दरअसल मेकर्स ने भारत में टीजर लॉन्च करने से पहले यूएस में इसकी स्क्रीनिंग रखी थी। ऐसे में फैंस को ये बात अच्छी नहीं लगी की भारत की फिल्म होकर इसका टीजर पहले विदेश में क्यों दिखाया गया। क्या मेकर्स सिर्फ पैसा कमाना चाहते हैं?

नमित मल्होत्रा ने क्या दिया जवाब?

अब इस मामले में फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने आलोचना का जवाब देते हुए उनके इस कदम को एक व्यापक परिप्रेक्ष्य से देखने के लिए कहा है। उन्होंने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा, “विभाजन न करें। यह बांटने का समय नहीं है। अमेरिका में रहने वाले भारतीय अमेरिका में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए हमें धन्यवाद और सराहना दे रहे हैं, आपको वहां के भारतीय लोगों की भावनाओं को समझना होगा।”

क्या है मेकर्स का उद्देश्य?

टीजर को विदेश में लॉन्च करने के अपने इरादे को समझाते हुए नमित ने कहा कि उनकी फिल्म ग्लोबल ऑडियंस को टारगेट करते हुए बनाई गई है। उन्होंने कहा, “पूरी दुनिया में भारतीय बसे हुए हैं। हमें विभाजन नहीं करना चाहिए। रामायण के मामले में हम यहीं गलती करते हैं। कोई विभाजन नहीं है, यह एक ही दुनिया है, एक ही रामायण है और एक ही राम हैं। उद्देश्य इसे पूरी दुनिया को दिखाना है। हम जागरूकता कैसे लाएं? हर भारतीय रामायण के बारे में जानता है।”

टीजर के सबसे चर्चित तत्वों में से एक हंस ज़िमर और एआर रहमान द्वारा रचित इसका संगीत है। बता दें कि नमित मल्‍होत्रा दुनियाभर में अपनी VFX कंपनी D-NEG के लिए मशहूर हैं। उनकी इस कंपनी ने अब तक 8 ऑस्‍कर अवॉर्ड जीते हैं।

Back to top button