बारिश में भी जज्बा बरकरार: जम्मू का पहला अंतरराष्ट्रीय मैराथन में हजारों धावकों ने लिया भाग

जम्मू में पहला इंटरनेशनल मैराथन बारिश के बावजूद शानदार अंदाज में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला समेत 4,000 से अधिक रनर्स ने भाग लिया।
मैराथन एम ए स्टेडियम से सूर्योदय के समय शुरू हुई, जिसमें तीन श्रेणियां शामिल थीं , हाफ मैराथन (21 किमी), 10 किमी फिटनेस रन और 5 किमी फन रन। विजेताओं के लिए कुल 1.33 करोड़ का पुरस्कार राशि निर्धारित किया गया है।
इस आयोजन ने फिटनेस के साथ-साथ मनोरंजन और सेलिब्रिटी भागीदारी को भी जोड़ा। फिटनेस आइकॉन मिलिंद सोमन और उनकी पत्नी अंकिता कोनवर ने मुख्यमंत्री के साथ 21 किमी दौड़ में हिस्सा लिया, जबकि अभिनेत्री गुल पनाग ने हरी झंडी दिखाने की रस्म में भाग लिया। कमल खान और प्रतीक नारुला के संगीत कार्यक्रम ने कार्यक्रम को और उत्सवपूर्ण बना दिया।
इस पहले संस्करण में 4,000 से अधिक धावकों ने भाग लिया, जिनमें 1,000 से अधिक अन्य राज्यों से और 90 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल थे। विधायक, एमएलए और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी सक्रिय रूप से इस आयोजन में शामिल हुए। मुख्यमंत्री के बेटे जाहिर और जामिर भी मैराथन में दौड़े।
खेल मंत्री सतीश शर्मा ने कहा, बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। भाईचारा, प्यार, सद्भाव और ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी… हम तूफानों से लड़ने वाले लोग हैं- हम डोगरा योद्धा हैं। यह संदेश भी पाकिस्तान को जाएगा कि जहां वे आतंकवाद का कारखाना हैं, वहीं हम पर्यटन और खेल का कारखाना हैं।
आगामी महीनों में जम्मू-कश्मीर में दो बड़े स्टेडियम विकसित किए जाएंगे, जिससे अगले साल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैचों की मेजबानी की संभावना बढ़ेगी, जो क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देगा।
संयुक्त निदेशक पर्यटन आईजाज कैसर ने इस अवसर को जम्मू के लिए ऐतिहासिक दिन बताया और कहा कि भारी बारिश के बावजूद लोगों की इतनी बड़ी संख्या में भागीदारी, जम्मू में फिटनेस संस्कृति के बढ़ते रुझान को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि आयोजन की पूरी तैयारी की गई थी और रास्ते सुरक्षित हैं। उन्होंने यह भी बताया कि शहर की मैराथन में लगभग 450-500 मीटर ऊंचाई का फर्क है, जिससे यह चुनौतीपूर्ण दौड़ बन गई।
आईजाज कैसर ने पर्यटन पर प्रभाव बताते हुए कहा 4,000 से अधिक प्रतिभागी आयोजन के पैमाने को दिखाते हैं। यदि विजिटर यहां दो दिन भी रुकें तो स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा फायदा होगा। जैसे-जैसे यह आयोजन वार्षिक बनेगा, पर्यटन और बढ़ेगा। यह मैराथन जम्मू के स्थलों और संस्कृति को दिखाने के लिए डिजाइन की गई है जिससे अंतरराष्ट्रीय धावक भी आकर्षित हों।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जिनमें केन्या से आए धावक शामिल थे, उन्होंने आयोजन की भावना की सराहना की। फ्रैंकलिन ने कहा कि बारिश में दौड़ना उनके लिए नया नहीं था और उन्होंने जम्मू को शांत और अनुकूल जगह बताया। अन्य खिलाड़ी एडविन ने मौसम को चुनौतीपूर्ण बताया, लेकिन व्यवस्था और मेहमाननवाजी की तारीफ की।





