इंग्लैंड के इस खिलाडी ने एक ओवर में लगाये 6 छक्के, रच दिया नया इतिहास

इंग्लैंड में रविवार को इतिहास बन गया। बाएं हाथ के बल्लेबाज रॉस वाइटले ने एक ओवर में 6 छक्के जड़े। अब वो भी एक ओवर में 6 छक्के जड़ने वाले स्पेशल क्लब में शामिल हो गए हैं। इंग्लैंड की टी20 लीग नेटवेस्ट टी20 ब्लास्ट में वाइटले ने ये उपलब्धि हासिल की। वोर्सेस्टरशायर के बल्लेबाज वाइटले ने यॉर्कशायर के बाएं हाथ के स्पिनर कार्ल कार्वर को अपना शिकार बनाया और पारी के 16वें ओवर में लगातार 6 छक्के जड़कर 36 रन हासिल किए। वैसे इस ओवर में 37 रन बने क्योंकि कार्वर ने एक वाइड गेंद भी डाली थी।

हालांकि, वाइटले की आतिशी पारी के बावजूद वोर्सेस्टरशायर को हेडिंग्ले में हुए मुकाबले में 37 रन की शिकस्त झेलना पड़ी। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने सिर्फ 26 गेंदों में 65 रन की पारी खेली, जिसमें दो चौके और 8 छक्के शामिल रहे। लेकिन उनकी टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 196 रन बना सकी। इससे पहले इंग्लैंड के ऑलराउंडर डेविड विली ने यॉर्कशायर की तरफ से खेलते हुए 118 रन की पारी खेली, जिसमें ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जॉन हेस्टिंग्स के एक ओवर में 34 रन बनाना शामिल है। विली ने सिर्फ 55 गेंदों में 9 चौको और 8 छक्कों की मदद से तूफानी शतक पूरा किया। विली की पारी की मदद से यॉर्कशायर ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 233 रन बनाए थे।

मैच के बाद वाइटले ने कहा, ‘मेरे लिए शॉट घुमाने का सही समय था। लेग साइड में बाउंड्री छोटी थी, जिसका मैंने फायदा उठाया। मेरे दिमाग में उपलब्धि हासिल करने की कोई योजना नहीं थी। मेरा ध्यान टीम को जीत दिलाने पर टिका था। हमें विशाल लक्ष्य मिला था, जिसकी वजह से तेज पारी खेलना मेरे लिए जरुरी था। वैसे ये उपलब्धि हासिल करने के बाद मुझे खुशी जरुर महसूस हो रही है।’

28 वर्षीय वाइटले ने साथ ही कहा, ‘निजी उपलब्धियां अच्छी हैं, लेकिन टीम हार जाए तो इसकी खुशी नहीं होती है। हमारी टीम का टूर्नामेंट में प्रदर्शन बेहतर नहीं रहा है। हमने पांच मैच खेले, जिसमें से चार में शिकस्त झेलना पड़ी। हम अंक तालिका में अंतिम स्थान पर हैं, जो अच्छा नहीं है। हम आगे के मुकाबलों में जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान संभालेंगे।’

वैसे आपको बता दें कि वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज सर गारफील्ड सोबर्स पहले ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने एक ओवर में 6 छक्के जड़ने का कारनामा किया था। 1968 में स्वानसी में काउंटी चैंपियनशिप के मुकाबले में बाएं हाथ के बल्लेबाज ने नॉटिंघमशायर की तरफ से खेलते हुए ग्लेमोर्गन के मालकॉम नैश को अपना शिकार बनाया था। इसके बाद से रवि शास्त्री, हर्शेल गिब्स, युवराज सिंह, जॉर्डन क्लार्क और एलेक्स हेल्स भी इंटरनेशनल या डोमेस्टिक क्रिकेट में ये कारनामा कर चुके हैं।

Back to top button