आलू के स्नैक्स बनेंगे बाजार जैसे ‘सुपर क्रिस्पी’, बस अपनाएं 6 मास्टर टिप्स

बारिश का मौसम हो या शाम की चाय, गरमागरम और कुरकुरे आलू के स्नैक्स का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। आजकल सेहत का ध्यान रखते हुए कई लोग इन्हें तलने के बजाय ‘एयर फ्रायर’ में बनाना पसंद करते हैं।

हालांकि, क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि एयर फ्रायर में आलू बाहर से तो पक जाते हैं, लेकिन बाजार जैसी वह ‘सुपर क्रिस्पी’ वाली बात नहीं आ पाती? अगर हां, तो अब आपको निराश होने की जरूरत नहीं है। आज हम आपको 6 ऐसे आसान हैक्स (Air Fryer Potato Hacks) बताने जा रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आपके आलू के स्नैक्स हमेशा एकदम कुरकुरे और मजेदार बनेंगे।

ठंडे पानी का कमाल
आलू को काटने के बाद सीधा एयर फ्रायर में न डालें। सबसे पहले कटे हुए आलुओं को कम से कम 20-30 मिनट के लिए एकदम बर्फ वाले ठंडे पानी में भिगो कर रख दें। ऐसा करने से आलू का एक्स्ट्रा ‘स्टार्च’ निकल जाता है। यही स्टार्च आलू को चिपचिपा और मुलायम बनाता है। इसे निकाल देने से आपके फ्राइज बहुत कुरकुरे बनेंगे।

नमी न रहने दें
ठंडे पानी से निकालने के बाद, आलुओं को किसी साफ सूती कपड़े या किचन पेपर टॉवल पर फैला दें और उन्हें अच्छी तरह से पोंछ लें। याद रखिए, अगर आलुओं में थोड़ा-सा भी पानी रह गया, तो एयर फ्रायर के अंदर उसकी भाप बन जाएगी और आपके स्नैक्स क्रिस्पी होने की बजाय उबले हुए या सौगी लगेंगे।

हल्का तेल और एक ‘सीक्रेट’ पाउडर
एयर फ्रायर में भले ही डीप फ्राई जितना तेल नहीं लगता, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आप बिल्कुल तेल न डालें। सूखे आलुओं पर 1-2 चम्मच ऑलिव ऑयल या कोई भी रिफाइंड तेल अच्छे से मिला लें। इसके साथ ही, एक छोटा चम्मच कॉर्नस्टार्च या चावल का आटा छिड़क कर अच्छे से मिक्स करें। यह सीक्रेट पाउडर आपके स्नैक्स पर एक जादुई क्रिस्पी लेयर बना देगा।

प्रीहीट करना है बेहद जरूरी
जिस तरह केक बेक करने से पहले ओवन को गर्म करना पड़ता है, ठीक वैसे ही एयर फ्रायर को भी ‘प्रीहीट’ करना जरूरी है। अपने एयर फ्रायर को स्नैक्स डालने से 3-4 मिनट पहले ही चालू कर दें। जब आप गर्म एयर फ्रायर में आलू डालेंगे, तो बाहर की परत तुरंत सिकना शुरू हो जाएगी, जो उन्हें एक्स्ट्रा क्रिस्पी बनाने में मदद करती है।

टोकरी में ओवरलोडिंग बिल्कुल न करें
हम अक्सर जल्दबाजी में एयर फ्रायर की टोकरी को ऊपर तक भर देते हैं। यह सबसे बड़ी गलती है। एयर फ्रायर गर्म हवा के घूमने से काम करता है। अगर आप बहुत सारे आलू एक साथ डाल देंगे, तो हवा को घूमने की जगह नहीं मिलेगी और आलू ठीक से क्रिस्पी नहीं होंगे। हमेशा आलुओं को एक ही लेयर में फैलाकर रखें। अगर स्नैक्स ज़्यादा हैं, तो उन्हें दो बार में बना लें।

बीच-बीच में टॉस करना न भूलें
आलुओं को एयर फ्रायर में डालकर भूल न जाएं। हर 5 से 7 मिनट में एयर फ्रायर की बास्केट को बाहर निकालें और उसे अच्छी तरह टॉस करें। इससे आलू हर तरफ से बराबर पकेंगे और सभी फ्राइज का रंग और कुरकुरापन एक जैसा आएगा।

बस, अगली बार जब भी एयर फ्रायर में आलू के स्नैक्स बनाएं, तो इन 6 टिप्स को जरूर आजमाएं। यकीन मानिए, घरवाले भी पूछेंगे कि ये स्नैक्स घर पर बनाए हैं या किसी बड़े रेस्टोरेंट से मंगवाए हैं।

Back to top button