Amazon लॉन्च कर सकता है अपना स्मार्टफोन

Amazon ने 2014 में अपना पहला स्मार्टफोन, Amazon Fire Phone लॉन्च किया था, लेकिन एक साल के अंदर ही इस हैंडसेट का प्रोडक्शन बंद कर दिया। अब, खबर है कि ये ई-कॉमर्स दिग्गज एक नए स्मार्टफोन पर काम कर रहा है। ये अपकमिंग डिवाइस Amazon के वॉयस असिस्टेंट Alexa के साथ इंटीग्रेट हो सकता है और यूजर्स को Amazon के इकोसिस्टम से जोड़े रख सकता है। मिली जानकारी के मुताबिक इसमें इनबिल्ट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षमताएं होंगी, जिसमें Alexa की अहम भूमिका होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि इस प्रोजेक्ट की कमान Amazon की डिवाइस यूनिट के एक साल पुराने ग्रुप के हाथ में है, जिसका नाम ZeroOne है। ये नया हैंडसेट, मिनिमलिस्ट Light Phone से इंस्पायर्ड है।

Fire Phone के बाद Amazon ला सकता है AI-इनेबल्ड स्मार्टफोन

चार अननोन सोर्सज का हवाला देते हुए, Reuters ने बताया है कि Amazon एक नए स्मार्टफोन पर काम कर रहा है, जिसे कंपनी के अंदर ‘Transformer’ नाम के एक प्रोजेक्ट के तहत डेवलप किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट की अगुवाई डिवाइस और सर्विस यूनिट कर रही है और इसे एक पर्सनलाइज्ड मोबाइल डिवाइस के तौर पर देखा जा रहा है जो Alexa के साथ सिंक हो सकता है। ये वॉयस असिस्टेंट, पूरे दिन Amazon और उसके यूजर्स के बीच एक लगातार टचप्वाइंट के तौर पर काम करेगा।

मिली जानकारी के मुताबिक Transformer प्रोजेक्ट, Jeff Bezos के एक लंबे समय से चले आ रहे विजन का हिस्सा है। इस विजन के तहत वे एक ऐसा ‘हर जगह मौजूद रहने वाला, आवाज से चलने वाला कंप्यूटिंग असिस्टेंट’ बनाना चाहते थे, जो साइंस फिक्शन सीरीज Star Trek में दिखाए गए आवाज से कंट्रोल होने वाले कंप्यूटर जैसा हो। बताया जा रहा है कि Bezos ने एक ऐसे स्मार्टफोन की कल्पना की थी, जिसका मेन फोकस शॉपिंग पर हो; ये स्मार्टफोन Amazon Prime मेंबरशिप के जरिए फास्ट शिपिंग और डिस्काउंट देकर Apple को टक्कर दे सकता था।

Transformer प्रोजेक्ट की कीमत और लॉन्च की टाइमलाइन के बारे में अभी कोई साफ जानकारी नहीं है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर कंपनी की रणनीति में कोई बदलाव आता है, या फिर वित्तीय कारणों से, तो इस प्रोजेक्ट को बीच में ही बंद भी किया जा सकता है।

बताया जा रहा है कि Amazon के Transformer प्रोजेक्ट की अगुवाई, Amazon के डिवाइस डिवीजन की एक नई टीम कर रही है, जिसका नाम ZeroOne है। इस ग्रुप की कमान Microsoft के फॉर्मर एग्जीक्यूटिव J Allard के हाथ में है, जिन्होंने पहले Zune और Xbox जैसे प्रोडक्ट्स पर काम किया था। कहा जा रहा है कि Light Phone, जिसमें सिर्फ बेसिक फीचर्स होते हैं, Amazon के इस नए फोन के लिए इंस्पिरेशन है।

Amazon का ये कथित स्मार्टफोन, पर्सनलाइजेशन पर खास जोर देगा। इसके जरिए यूजर्स Amazon पर आसानी से शॉपिंग कर सकेंगे और Prime Video पर कंटेंट स्ट्रीम कर सकेंगे। साथ ही, यूजर्स Prime Music को भी तुरंत एक्सेस कर सकेंगे और Grubhub के जरिए खाना भी ऑर्डर कर सकेंगे। इस प्रोजेक्ट में कई एडवांस्ड AI फीचर्स इंटीग्रेट किए जा सकते हैं, जिससे ट्रेडिशनल ऐप स्टोर्स की जरूरत ही खत्म हो जाएगी। क्योंकि, ट्रेडिशनल एप स्टोर्स से एप डाउनलोड करने और उनके लिए रजिस्टर करने की जरूरत पड़ती है।

उम्मीद है कि इस डिवाइस में वॉयस असिस्टेंट Alexa एक अहम भूमिका निभाएगी। Amazon Fire Phone जून 2014 में 649 डॉलर (लगभग 60,000 रुपये) की कीमत पर लॉन्च किया गया था। बाजार में डिमांड हासिल करने में मुश्किलों का सामना करने के बाद, Amazon ने सितंबर 2015 में इस मॉडल की बिक्री बंद कर दी थी।

Back to top button