Armaan Malik ने नोरा फतेही और संजय दत्त के गाने ‘सरके चुनर’ पर उठाए सवाल

नोरा फतेही (Nora Fatehi) और संजय दत्त (Sanjay Dutt) स्टारर अपकमिंग फिल्म ‘केडी’ के नए गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ के लिरिक्स को लेकर सोशल मीडिया पर काफी बवाल मचा हुआ है। इस गाने में इस्तेमाल किए गए ‘डबल मीनिंग’ लिरिक्स को लेकर फैंस अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।
हाल ही में मशहूर सिंगर अरमान मलिक (Armaan Malik) ने भी इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और कमर्शियल गानों को हिट कराने के चक्कर में गिरते हुए स्तर पर अपनी कड़ी नाराजगी व्यक्त की है।
‘कमर्शियल गानों का स्तर इतना गिरते देख दुख होता है’
सिंगर अरमान मलिक ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा,
“यह गाना मेरी टाइमलाइन पर आया और मुझे यह सुनिश्चित करना था कि मैंने इसे सही सुना है या नहीं, इसलिए मैंने इसे दोबारा सुना। कमर्शियल गानों को हिट बनाने के लिए जिस तरह से लोग नीचे गिर रहे हैं, यह देखकर बहुत दुख होता है।”
जब एक फैन ने सिंगर से पूछा कि इस तरह के भद्दे लिरिक्स को आखिर किसने अप्रूव किया? तो अरमान ने जवाब देते हुए कहा, “मेरे पास सच में शब्द नहीं हैं। काश मैंने इसे सुना ही न होता।”
सेंसर बोर्ड पर फूटा सोशल मीडिया यूजर्स का गुस्सा
इन विवादित लिरिक्स पर रिएक्ट करने वाले अरमान मलिक अकेले इंसान नहीं हैं, बल्कि सेंसर बोर्ड ने इस गाने को कैसे पास कर दिया, इसे लेकर आम जनता का गुस्सा भी फूट रहा है। एक यूजर ने भड़कते हुए लिखा, “सेंसर बोर्ड इस तरह के डबल मीनिंग, वल्गर और सेक्सुअल इशारों से भरे नोरा फतेही के गाने को कैसे पास कर सकता है?”
वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा, “आप इसको डांस बोलते हैं? यह भारतीय महिला का अपमान है। महिला को एक वस्तु (Object) बनाकर आपने सारी हदें पार कर दी हैं।” आपको बता दें कि ‘सरके चुनर तेरी सरके’ गाने को एक डांस बार के सेटअप पर फिल्माया गया है, जिसमें नोरा फतेही के साथ कई बैकग्राउंड डांसर्स नजर आ रहे हैं। जिस तरह से इस गाने के लिरिक्स लिखे गए हैं और इसकी कोरियोग्राफी की गई है, उसे लेकर सोशल मीडिया पर लगातार विवाद बढ़ता जा रहा है।





