लाडली बहनों के खातों में आज आएगी 34वीं किश्त, सीएम 122 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे

मोहन यादव आज मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में 1836 करोड़ रुपये की 34वीं किस्त जारी करेंगे। ग्वालियर में आयोजित कार्यक्रम से राशि ट्रांसफर करने के साथ ही वे लगभग 122 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की भी सौगात देंगे।

मोहन यादव शुक्रवार को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों के बैंक खातों में 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करेंगे। यह राशि योजना की 34वीं किस्त के रूप में बहनों को प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ग्वालियर जिले के शबरी माता मंदिर में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन से यह राशि जारी करेंगे।

अब हर माह मिल रहे 1500 रुपये
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में योजना के तहत नवंबर से मासिक सहायता राशि में 250 रुपये की वृद्धि की गई है। इसके बाद अब पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है।

2023 से अब तक 54 हजार करोड़ से अधिक राशि अंतरित
गौरतलब है कि यह योजना जून 2023 में शुरू की गई थी। तब से लेकर फरवरी 2026 तक योजना के तहत 33 किस्तों का नियमित भुगतान किया जा चुका है। इस अवधि में राज्य सरकार द्वारा 54,140 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे लाभार्थी महिलाओं के खातों में भेजी जा चुकी है।

महिलाओं को रोजगार और कौशल से भी जोड़ेगी सरकार
प्रदेश सरकार का लक्ष्य केवल आर्थिक सहायता देना ही नहीं है, बल्कि योजना से जुड़ी महिलाओं को कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से भी जोड़ना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर परिवार और समाज की आर्थिक प्रगति में योगदान दे सकें।

ग्वालियर में 122 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर ग्वालियर में लगभग 122 करोड़ रुपये लागत के 54 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी करेंगे। करीब 62 करोड़ रुपये लागत के 19 कार्यों का लोकार्पण, लगभग 60 करोड़ रुपये लागत के 35 कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे।

इन परियोजनाओं का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से बना सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुलैथ का भवन, 9.11 करोड़ रुपये की लागत से डाडा खिरक-तिघरा मार्ग पर सांक नदी पर उच्च स्तरीय पुल, उप स्वास्थ्य केंद्र बन्हेरी और शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में नई सड़कों का लोकार्पण करेंगे।

इन परियोजनाओं का होगा भूमि-पूजन
आईएसबीटी के समीप 6.17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 100 सीटर श्रमिक विश्रामगृह, 12.16 करोड़ रुपये की लागत से अंबेडकर धाम के द्वितीय चरण में बाबा साहब के जीवन पर आधारित संग्रहालय, आयुर्वेदिक महाविद्यालय में एनाटॉमी विभाग के लिए नया हॉल और छात्रावास, भितरवार में करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भूमिपूजन किया जाएगा।

Back to top button