इस बार जयपुर या उदयपुर नहीं, राजस्थान के ये 4 ऑफबीट डेस्टिनेशन्स आपके ट्रिप को बना देंगे यादगार

राजस्थान का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के मन में अक्सर जयपुर, उदयपुर, अजमेर और जोधपुर जैसी मशहूर जगहों का ख्याल आता है। इस रंग-बिरंगे राज्य में कुछ ऐसी जगहें भी हैं, जिसके बारे में सिर्फ कम ही लोग जानते हैं। ये लोकेशन न सिर्फ शांत, खूबसूरत और नेचर से भरी है, बल्कि संस्कृति, इतिहास और सादगी के लिए भी जानी जाती है।
अगर आप भी हर बार एक जैसी जगह जाकर बोर हो गए हैं और इस बार कुछ नया और हटकर एक्सप्लोर करना चाहते हैं, तो राजस्थान की ये ऑफबीट जगहें आपके ट्रिप को यादगार बना सकती हैं।
राजसमंद
अगर आप किले जैसी जगहों पर जाना पसंद करते हैं, तो राजस्थान के राजसमंद जा सकते हैं। यहां पर आप कुंभलगढ़ किला घूम सकते हैं, जो एक यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट है। यह दुनिया की दूसरी सबसे लंबी और भारत की सबसे बड़ी दीवार है, जिसे ‘द ग्रेट वॉल ऑफ इंडिया’ भी कहा जाता है। इसके चारों तरफ फैले पहाड़ और हरियाली इसे और भी खास बना देती हैं।
यहां आकर आप किले के इतिहास के साथ-साथ जंगल सफारी और ट्रैकिंग का भी मजा ले सकते हैं। वहीं, शाम के समय यहां का नजारा काफी देखने लायक होता है, जहां से आप खूबसूरत तस्वीरें भी ले सकते हैं।
बाड़मेर
बाड़मेर राजस्थान के खूबसूरत शहरों में से एक है। यह शहर अपने किलों, प्राचीन मंदिरों और रेगिस्तानी टीलों के लिए जाना जाता है। भागदौड़ भरी जिंदगी से दूर कुछ सुकून के पल बिताने के लिए यह लोकेशन आपके लिए परफेक्ट हो सकती है। आप यहां पर महाबार सैंड ड्यून्स, नाकोड़ा जैन मंदिर, किराडू मंदिर और बाड़मेर किला घूम सकते हैं।
झालावाड़
फैमिली या फ्रेंड्स के साथ घूमने के लिए ऑफबीट जगह ढूंढ रहे हैं, तो राजस्थान के झालावाड़ जिले को ऑप्शन में रखें। यहां का वातावरण काफी खूबसूरत, शांत और नेचर से भरा है, जहां आकर आप अपने ट्रिप को यादगार बना सकते हैं। यहां आकर आप झालावाड़ किला, गागरोन किला और चंद्रभागा मंदिर जैसी जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं।
बूंदी
अपने ट्रिप को मजेदार और यादगार बनाने के लिए राजस्थान के बूंदी शहर को भी चुन सकते हैं। यह शहर अपने पुराने महलों, स्टेपवेल्स (बावड़ियां) और शांत माहौल के लिए जाना जाता है। यहां पर घूमने के लिए तारागढ़ किला और बूंदी पैलेस भी मौजूद है, जहां पर आप अपनी शानदार तस्वीरें ले सकते हैं। इसके अलावा, यहां की बावड़ियां और झरने भी आपको खूब पसंद आएंगे। अगर आप इतिहास और कला में रुचि रखते हैं, तो यह लोकेशन आपके लिए किसी खजाने से कम नहीं है।





