बाजार जैसे कुरकुर स्प्रिंग रोल्स बनाएं अब घर पर, नोट कर लें ये आसान रेसिपी

स्प्रिंग रोल्स एक ऐसा इंडो-चाइनीज स्नैक है, जो बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी का पसंदीदा है। बाहर से एकदम कुरकुरे और अंदर से चटपटी सब्जियों से भरे ये रोल्स किसी भी पार्टी या शाम की चाय का मजा दोगुना कर देते हैं।
अक्सर लोग सोचते हैं कि बाजार जैसे परफेक्ट स्प्रिंग रोल्स घर पर बनाना मुश्किल है, लेकिन सही तकनीक के साथ आप इसे आसानी से किचन में तैयार कर सकते हैं। आइए जानें इसकी रेसिपी।
सामग्री
शीट्स बनाने के लिए-
1 कप मैदा
2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर
चुटकी भर नमक
पानी
स्टफिंग के लिए-
1 कप पत्तागोभी (बारीक कटी हुई)
½ कप गाजर (लच्छों में कटी हुई)
½ कप शिमला मिर्च (बारीक कटी हुई)
2-3 हरी मिर्च
1 इंच अदरक (बारीक कटा हुआ)
1 बड़ा चम्मच सोया सॉस
1 चम्मच रेड चिली सॉस
½ चम्मच काली मिर्च पाउडर
स्वादानुसार नमक
2 बड़े चम्मच तेल
बनाने की विधि
सबसे पहले एक कड़ाही में तेल गरम करें और इसमें अदरक, लहसुन और हरी मिर्च डालकर तेज आंच पर भूनें। अब सभी सब्जियां डालें। याद रखें, सब्जियों को बहुत ज्यादा नहीं पकाना है; इनका क्रंच बना रहना चाहिए। इसके बाद इसमें सोया सॉस, चिली सॉस, नमक और काली मिर्च मिलाएं। 2 मिनट भूनने के बाद गैस बंद कर दें और मिश्रण को पूरी तरह ठंडा होने दें।
इसके बाद एक बाउल में मैदा, कॉर्नफ्लोर और नमक मिलाएं। धीरे-धीरे पानी डालकर एक पतला और चिकना घोल तैयार करें। अब एक नॉन-स्टिक पैन को हल्का गरम करें और एक कलछी बैटर डालकर पैन को घुमाते हुए पतला फैलाएं। जब किनारे अपने आप पैन छोड़ने लगें, तो इसे धीरे से निकाल लें। इसी तरह सारी शीट्स तैयार कर लें।
इसके बाद मैदे और पानी का एक गाढ़ा घोल बना लें। इसका इस्तेमाल शीट को चिपकाने के लिए करना है। अब एक शीट को सपाट जगह पर रखें। उसके एक किनारे पर 2 चम्मच स्टफिंग रखें। अब किनारों को अंदर की ओर मोड़ें और मैदे का घोल लगाते हुए टाइट रोल कर लें। ध्यान रहे कि कहीं से भी जगह खाली न रहे, वरना तलते समय तेल अंदर जा सकता है।
अब एक कड़ाही में तेल गरम करें। जब तेल मध्यम गरम हो जाए, तो सावधानी से रोल्स डालें। इन्हें मध्यम आंच पर गोल्डन ब्राउन और कुरकुरा होने तक तलें। तलने के बाद इन्हें किचन पेपर पर निकाल लें ताकि एक्स्ट्रा ऑयल निकल जाए।
जब सभी रोल्स तैयार हो जाएं, तो इन्हें शेजवान चटनी या स्वीट चिली सॉस के साथ परोसें। आप चाहें तो इन्हें बीच में से तिरछा काटकर सर्व कर सकते हैं।





