इस रेसिपी से ट्राई करें भरवां केले की सब्जी

भरवां केले की सब्जी बनाने के लिए सामग्री
कच्चे केले: 4 से 5
सरसों का तेल: 3-4 बड़े चम्मच
जीरा: 1 छोटा चम्मच
हींग: 2 चुटकी
धनिया पाउडर: 2 बड़े चम्मच
हल्दी पाउडर: आधा छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर: 1 छोटा चम्मच (स्वादानुसार)
सौंफ का पाउडर: 1 बड़ा चम्मच
अमचूर पाउडर: 1 से 1.5 छोटा चम्मच
गरम मसाला: आधा छोटा चम्मच
नमक: स्वादानुसार
सरसों का तेल: 1 चम्मच (मसाले में मिलाने के लिए)
भरवां केले की सब्जी बनाने की विधि
सबसे पहले कच्चे केलों को अच्छी तरह धो लें। अब इनका छिलका हल्का-हल्का छील लें (ध्यान रहे, बहुत गहरा नहीं छीलना है)। इसके बाद, हर केले के बीच में चाकू से एक लंबा चीरा लगाएं। चीरा ऐसे लगाएं कि केला जुड़े भी रहे और मसाले भरने के लिए जगह भी बन जाए।
एक कटोरी में धनिया पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च, सौंफ पाउडर, अमचूर, गरम मसाला और नमक निकाल लें। अब इसमें एक चम्मच सरसों का तेल या पानी की कुछ बूंदें डालें और अच्छे से मिला लें। तेल डालने से मसाला केलों के अंदर अच्छे से चिपक जाएगा और बाहर नहीं गिरेगा।
अब तैयार किए गए इस चटपटे मसाले को केलों के चीरे के अंदर अच्छी तरह से दबा-दबा कर भर दें। अगर थोड़ा-सा मसाला बच जाए, तो उसे अलग रख लें, वह बाद में काम आएगा।
एक कड़ाही (हो सके तो लोहे की) में सरसों का तेल डालकर उसे धुआं उठने तक अच्छे से गर्म करें। फिर गैस धीमी कर दें और उसमें जीरा और हींग डालें। अब मसाले से भरे हुए केलों को आराम से तेल में रख दें।
केलों को ढक दें और बिल्कुल धीमी आंच पर 3 से 4 मिनट तक पकने दें। ढक्कन हटाएं और केलों को बहुत ही हल्के हाथों से पलट दें ताकि वे दूसरी तरफ से भी सिक जाएं। अगर कटोरी में थोड़ा मसाला बच गया था, तो उसे भी अब ऊपर से छिड़क दें।
केलों को तब तक उलट-पलट कर पकाएं जब तक कि वे हर तरफ से सुनहरे और कुरकुरे न हो जाएं। जब केले अंदर तक नरम हो जाएं, तो गैस बंद कर दें। ऊपर से बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालकर सजाएं।
इस भरवां केले की सब्जी को गरमा-गरम पराठे, पूड़ी या फिर दाल-चावल के साथ परोसें। इसका चटपटा और खट्टा स्वाद आपके साधारण से खाने को भी ‘स्पेशल थाली’ में बदल देगा।





