इस होली सिर्फ आधे घंटे में बनाएं ब्रेड से बना ‘शाही टुकड़ा’

होली आने में बस कुछ ही दिन बाकी हैं। यह सिर्फ रंगों का त्योहार नहीं है, बल्कि पकवानों का त्योहार भी है। गुजिया से लेकर गुलाब जामुन और ठंडाई जैसे कई स्वादिष्ट व्यंजन बनाए जाते हैं।

होली पर घर आए मेहमानों का मुंह मीठा करने के लिए आप अगर कुछ एक्स्ट्रा स्पेशल बनाना चाहते हैं, तो शाही टुकड़ा बेहतरीन ऑप्शन साबित हो सकता है। ब्रेड से बनने वाली इस मिठाई को आसानी से और कम समय में बनाया जा सकता है। आइए जानें इसे बनाने की रेसिपी।

सामग्री
ब्रेड- 5-6 ताजा सफेद ब्रेड स्लाइस
फुल क्रीम दूध- 1 लीटर
चीनी- 2 कप
इलायची पाउडर- आधा छोटा चम्मच
केसर के कुछ धागे
1 कप चीनी
तलने के लिए- शुद्ध देसी घी
बारीक कटे हुए बादाम और पिस्ता

बनाने की विधि
सबसे पहले एक भारी तले वाली कड़ाही में दूध गरम करें। जब दूध उबलने लगे, तो आंच धीमी कर दें और इसे तब तक पकाएं जब तक कि यह घटकर आधा या उससे कम न रह जाए।
किनारे पर जमने वाली मलाई को खुरचकर वापस दूध में मिलाते रहें, इससे रबड़ी लच्छेदार और गाढ़ी बनेगी। अब इसमें चीनी, केसर और इलायची पाउडर डालें। जब दूध गाढ़ा और मलाईदार हो जाए, तो गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें।
अब एक दूसरे बर्तन में चीनी और पानी मिलाकर धीमी आंच पर पकाएं। हमें बहुत गाढ़ी चाशनी नहीं चाहिए, बस इतनी कि वह उंगलियों के बीच चिपचिपी महसूस हो। स्वाद को और बेहतर बनाने के लिए इसमें थोड़ा इलायची पाउडर डालकर अलग रख दें।
इसके बाद ब्रेड के किनारों को काटकर निकाल दें और उन्हें त्रिकोण आकार में काट लें। अब एक पैन में देसी घी गरम करें और ब्रेड के टुकड़ों को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा भूरा और कुरकुरा होने तक तलें। याद रखें, ब्रेड को घी में तलने से ही असली रॉयल टेस्ट आता है।
तले हुए कुरकुरे ब्रेड के टुकड़ों को गरम चाशनी में 30 सेकंड के लिए डुबोएं और फिर एक सर्विंग प्लेट में निकाल लें। अब इनके ऊपर तैयार की हुई गाढ़ी और ठंडी रबड़ी को अच्छी तरह फैलाएं।
शाही टुकड़े को बारीक कटे हुए बादाम और पिस्ता से सजाएं। आप इसे गरमा-गरम भी परोस सकते हैं या फ्रिज में ठंडा करके भी खा सकते हैं। दोनों ही तरीकों से इसका स्वाद बेमिसाल लगता है।

Back to top button