22 साल बाद डार्विन में टेस्ट क्रिकेट की वापसी, बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच आगामी टेस्ट सीरीज का पहला मैच 13 अगस्त से डार्विन में खेला जाएगा, जो 22 साल बाद इस शहर में टेस्ट क्रिकेट की वापसी का प्रतीक है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इसकी घोषणा की है। आखिरी बार डार्विन में जुलाई 2004 में टेस्ट मैच हुआ था। यह सीरीज ऑस्ट्रेलिया की एशेज के बाद पहली टेस्ट सीरीज होगी। दूसरा टेस्ट मैके में होगा।
AUS vs BAN Test। ऑस्ट्रेलिया के शहर डार्विन (Darwin) में 22 साल बाद फिर से टेस्ट क्रिकेट खेला जाएगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने घोषणा की है कि अगस्त में बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज का पहला मैच डार्विन में खेला जाएगा।
यह मुकाबला 13 अगस्त से शुरू होगा। डार्विन में आखिरी बार जुलाई 2004 में टेस्ट मैच खेला गया था, जब ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका की मेजबानी की थी। अब दो दशक से ज्यादा समय बाद यहां फिर से इंटरनेशनल टेस्ट क्रिकेट की वापसी हो रही है। वहीं, सीरीज का दूसरा टेस्ट 22 से 26 अगस्त तक क्वींसलैंड राज्य के मैके में खेला जाएगा।
AUS vs BAN: 22 साल बाद डार्विन में खेला जाएगा टेस्ट क्रिकेट मैच
दरअसल, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (Cricket Australia) के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग ने कहा कि उत्तरी ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट क्रिकेट वापस लाना उनके लिए खुशी की बात है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का कैलेंडर काफी व्यस्त हो चुका है, लेकिन अगस्त में बेहतरीन सुविधाओं के कारण उन्हें गर्मियों के बाहर भी टेस्ट मैच आयोजित करने का मौका मिल रहा है।
ये सीरीज ऑस्ट्रेलियाई पुरुष टीम की एशेज के बाद पहली टेस्ट सीरीज होगी। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को The Ashes सीरीज में 4-1 से हराया था। यह सीरीज जनवरी में खत्म हुई थी और ऑस्ट्रेलिया ने शानदार प्रदर्शन किया, भले ही टीम के कुछ प्रमुख खिलाड़ी उपलब्ध नहीं थे।
बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलिया अक्टूबर में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर जाएगी। वहां वे डरबन, गकेबेर्हा और केप टाउन में तीन टेस्ट मैच खेलेंगे।





