मेक्सिको में ड्रग माफिया एल मेंचो की मौत के बाद भड़की हिंसा; अमेरिका ने जारी की एडवाइजरी

अमेरिका ने मेक्सिको की सीमा से सटे राज्यों के लिए विशेष सलाह जारी की है। ये एडवाइजरी ड्रग माफिया एल मेंचो के मारे जाने के बाद जारी की गई है, जिसमें नागरिकों से घर मे रहने समेत कई निर्देश हैं। इसी के साथ अमेरिका में कई उड़ानें भी प्रभावित हुईं है।
मेक्सिको के कुख्यात ड्रग माफिया और जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (सीजेएनजी) के सरगना नेमेसियो ‘एल मेंचो’ ओसेगुएरा सर्वेंटेस के मारे जाने के बाद कई इलाकों में भारी हिंसा फैल गई है। इस हालात को देखते हुए अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए नया एडवाइजरी जारी कर उन्हें सुरक्षित जगहों पर रहने यानी ‘शेल्टर-इन-प्लेस’ की सलाह दी है।
घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, हिंसा के कारण ग्वाडलहारा और प्यूर्टो वालार्टा जैसे बड़े शहरों में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। प्यूर्टो वालार्टा में टैक्सी और राइड-शेयर सेवाएं भी बंद कर दी गईं, जबकि कई व्यवसायों ने अस्थायी रूप से काम रोक दिया है।
सतर्कता, भीड़ से दूर रहने समेत कई निर्देश
अमेरिका ने खास तौर पर जलिस्को, तमाउलिपास, मिचोआकान, गुरेरो और न्यूवो लियोन राज्यों में मौजूद अपने नागरिकों और सरकारी कर्मचारियों को सतर्क रहने, भीड़ से दूर रहने, गैर-जरूरी यात्रा न करने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा है।
सेना से मुठभेड़ में घायल हुआ था एल मेंचो
दरअसल, मेक्सिको की सेना ने रविवार को जलिस्को राज्य के तापाल्पा इलाके में एक बड़े ऑपरेशन के दौरान एल मेंचो को घेर लिया था। इस दौरान मुठभेड़ में चार कार्टेल सदस्य मौके पर मारे गए, जबकि एल मेंचो गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। इस ऑपरेशन में मेक्सिको के तीन सैनिक भी घायल हुए।
अमेरिका ने एल मेंचो पर घोषित किया था ₹125 करोड़ का इनाम
एल मेंचो को अमेरिका लंबे समय से तलाश रहा था और उसकी गिरफ्तारी की जानकारी देने पर 15 मिलियन डॉलर (करीब 125 करोड़ रुपये) का इनाम घोषित था। उस पर अमेरिका में फेंटनिल जैसे खतरनाक ड्रग्स की तस्करी का बड़ा नेटवर्क चलाने का आरोप भी था। उसकी मौत के बाद कार्टेल से जुड़े संदिग्ध लोगों ने कई जगह बसों में आग लगा दी, सड़कों को ब्लॉक कर दिया और सुरक्षा बलों से झड़पें कीं, जिससे पूरे इलाके में तनाव फैल गया है।





