बच्चों के लिए बनाएं टेस्टी और हेल्दी चिकन वेजी रैप

अक्सर माता-पिता के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह होती है कि बच्चों को सब्जियां और प्रोटीन कैसे खिलाया जाए। बच्चे अक्सर साधारण खाना खाने में आनाकानी करते हैं, लेकिन अगर उसी खाने को एक रैप या रोल का रूप दे दिया जाए, तो वे उसे बड़े चाव से खाते हैं।

चिकन वेजी रैप एक ऐसी ही डिश है, जो न केवल बनाने में आसान है, बल्कि इसमें चिकन का प्रोटीन और सब्जियों के विटामिन एक साथ मिल जाते हैं। आइए जानते हैं बच्चों के लिए खास, कम तीखा और बेहद स्वादिष्ट चिकन वेजी रैप बनाने की रेसिपी।

सामग्री
चिकन तैयार करने के लिए-
चिकन- 250 ग्राम बोनलेस चिकन (छोटे क्यूब्स या स्ट्रिप्स में कटा हुआ)
मैरिनेशन- 2 बड़े चम्मच दही, आधा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, एक चुटकी हल्दी, आधा चम्मच धनिया पाउडर और नमक स्वादानुसार
तेल- 1 बड़ा चम्मच

सब्जियां और फिलिंग-
सब्जियां- बारीक कटी शिमला मिर्च, कद्दूकस की हुई गाजर, स्वीट कॉर्न और बारीक कटी पत्तागोभी
सॉस- 2 बड़े चम्मच मेयोनीज और 1 बड़ा चम्मच टोमेटो केचप
चीज- कद्दूकस किया हुआ मोजरेला चीज

रैप के लिए-
टॉर्टिला या रोटी- आप गेहूं की ताजी बनी रोटी का इस्तेमाल भी कर सकते हैं, जो ज्यादा हेल्दी होती है

बनाने की विधि
सबसे पहले चिकन के टुकड़ों को दही, अदरक-लहसुन पेस्ट और मसालों के साथ मैरिनेट करके 15-20 मिनट के लिए रख दें। अब एक पैन में थोड़ा तेल गरम करें और चिकन को मध्यम आंच पर तब तक पकाएं जब तक वह नरम और हल्का सुनहरा न हो जाए। पकने के बाद चिकन को एक बाउल में निकाल लें।
अब उसी पैन में बची हुई सब्जियों को डालें और केवल 1-2 मिनट के लिए सौटे करें। बच्चों के लिए सब्जियों को बहुत ज्यादा न पकाएं, उनका हल्का क्रंच बना रहने दें। फिर इसमें हल्का-सा नमक और काली मिर्च पाउडर मिलाएं।
इसके बाद एक छोटी कटोरी में मेयोनीज और टोमेटो केचप को मिलाकर एक क्रीमी सॉस तैयार कर लें। यह सॉस रैप को अंदर से जूसी बनाए रखेगा और बच्चों को इसका स्वाद बहुत पसंद आएगा।
अब एक रोटी लें और उसे तवे पर हल्का गरम कर लें।
अब सबसे पहले रोटी के बीच में तैयार किया हुआ मेयो-केचप सॉस लगाएं। इसके ऊपर पके हुए चिकन के टुकड़े और सौते की हुई सब्जियां रखें और ऊपर से ढेर सारा चीज डालें। अब रोटी को दोनों तरफ से मोड़ते हुए एक टाइट रोल या रैप बना लें।
इसके बाद तवे पर थोड़ा सा मक्खन या घी डालें और तैयार रैप को दोनों तरफ से हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेक लें। इससे चीज पिघल जाएगा और रैप का स्वाद दोगुना हो जाएगा।

Back to top button