गाजा के पुनर्निर्माण के लिए ‘बोर्ड ऑफ पीस’ देगा 5 अरब डॉलर

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि नवगठित बोर्ड ऑफ पीस के सदस्य देशों ने गाजा में लोगों के पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए पांच अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक की राशि देने का वादा किया है।
बोर्ड ऑफ पीस की 19 फरवरी को होने वाली पहली बैठक से पहले यह एलान किया गया है।
बोर्ड ऑफ पीस के सदस्यों से मिलेंगे ट्रंप
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा-19 फरवरी को मैं वाशिंगटन में बोर्ड ऑफ पीस के सदस्यों से मिलूंगा। वहां हम घोषणा करेंगे कि सदस्य देशों ने गाजा में लोगों के पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए पांच अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक की राशि देने का वादा किया है।
सदस्य देशों ने गाजा वासियों की सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए अंतरराष्ट्रीय बल और स्थानीय पुलिस में हजारों कर्मियों को तैनात करने की प्रतिबद्धता जताई है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि हमास को पूर्ण और तत्काल विसैन्यीकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निभाना होगा।





