किडनी मामला: झारखंड में मरीज के साथ हुआ बेहद घिनौना बर्ताव

रिम्स में जिस महिला गुड़िया की बायीं किडनी की जगह दाहिनी तरफ ऑपरेशन किया गया था, वह शुक्रवार को सदर अस्पताल में भर्ती हो गई। भर्ती होने के बाद गुड़िया और उसके पति इस बात पर अड़े थे कि जब तक मंत्री नहीं आएंगे, वह इलाज शुरू नहीं कराएगी। आखिरकार सिविल सर्जन डॉ एएस हरिजन ने स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी से बात की। मंत्री ने गुड़िया को आश्वस्त किया कि वह तीसरे दिन सदर अस्पताल आएंगे। उसके बाद गुड़िया ने इलाज शुरू करने की अनुमति दी।

गुड़िया ने कहा कि उस डॉक्टर की गलती से मेरा परिवार लगभग 15 दिन से भटक रहा है। तीन बच्चों में से दो बच्चों का स्कूल जाना बंद है। कभी समोसा, तो कभी ब्रेड खाकर परिवार चल रहा है। डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। सिविल सर्जन डॉ एसएस हरिजन ने कहा कि गुड़िया की हालत अभी स्थिर है। उपाधीक्षक एवं डॉ गौतम चंद्रा को उसके उपचार की जिम्मेवारी दी गई है। उसका पोस्ट ऑपरेटिव ट्रीटमेंट किया जा रहा है, ऑपरेशन बाद में किया जाएगा।
… तो वह डॉक्टर जान मार देता
गुड़िया के पति प्रदीप कुमार सिन्हा ने कहा कि शनिवार को जब उसका गलत ऑपरेशन कर दिया, तो उन्होंने दूसरे दिन डॉ अरशद जमाल से इसकी शिकायत की। डॉ जमाल ने कहा कि दारू पीकर आए हो और मुझे डांटकर भगा दिया। उन्होंने कहा कि तुम्हें दूसरे अस्पताल ले जाकर लेजर से ऑपरेशन कर देंगे, दवा और अस्पताल का खर्च उठाना पड़ेगा। उसके बाद मुझे लेक व्यू नर्सिंग होम बुलाया। वहां गुड़िया को एक बार ड्रेस पहनाकर अंदर ले गए, फिर बाहर निकाल दिया। दोबारा फिर लेकर गए। अचानक उसी समय मीडिया वाले आ गए, तो गुड़िया को कपड़ा बदलवाकर वहां से भगा दिया। प्रदीप ने कहा कि कुछ डॉक्टरों ने बताया कि एक ऑपरेशन के 21 दिन बाद ही दूसरा ऑपरेशन हो सकता है। लेकिन उस दिन यदि मीडिया वाले नहीं आते, तो वह डॉक्टर ऑपरेशन कर देता और गुड़िया को मार देता।
ऑपरेशन हुआ नहीं रख ली 11 हजार की दवा
प्रदीप ने बताया कि रिम्स में ऑपरेशन से पहले डॉक्टर ने दवा वगैरह लाने के लिए एक पर्ची दी थी। एक दुकान का नाम भी बताया था कि वहीं से सभी सामान ले आओ। उसने 7100 रुपए का सामान लाकर डॉक्टर को दिया। उसके बाद फिर लेक व्यू नर्सिंग होम में भी 4000 रुपए का सामान बाहर से लाकर दिया, लेकिन उसकी बीमारी ठीक होना तो दूर, ऑपरेशन भी नहीं हुआ।
डॉ अशरफ को शोकॉज
रिम्स प्रबंधन ने गुड़िया का गलत ऑपरेशन करने वाले डॉ अशरफ को शोकॉज किया है। उन्हें शनिवार तक जवाब देना है। प्रबंधन यदि उनके जवाब से संतुष्ट नहीं होता है, तो उन्हें निलंबित भी किया जा सकता है। इसके साथ ही गुड़िया को इलाज के लिए रिम्स से बाहर लेक व्यू अस्पताल ले जाने के लिए विभागाध्यक्ष डॉ अरशद जमाल पर भी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।





