रेस्टोरेंट जैसे रंग और स्वाद के लिए इस तरीके से बनाएं पालक-पनीर

भारतीय व्यंजनों की बात हो और पालक पनीर का जिक्र न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। यह न केवल स्वाद में लाजवाब है, बल्कि सेहत के गुणों से भी भरपूर है। आयरन से भरपूर पालक और प्रोटीन से भरपूर पनीर का यह कॉम्बिनेशन बच्चों से लेकर बड़ों तक सबका पसंदीदा है।
अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि घर पर पालक पनीर का रंग होटल जैसा ब्राइट ग्रीन नहीं रहता या वह स्वाद नहीं आता। अगर आपकी भी यही शिकायत रहती है, तो यहां दी गई आसान स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी से आप घर पर ही रेस्टोरेंट स्टाइल पालक पनीर बना सकते हैं।
सामग्री
पालक- 500 ग्राम (साफ किया हुआ)
पनीर- 250 ग्राम (क्यूब्स में कटा हुआ)
प्याज- 2 मध्यम (बारीक कटे हुए)
टमाटर- 1 बड़ा (प्यूरी)
अदरक-लहसुन पेस्ट- 1 बड़ा चम्मच
हरी मिर्च- 2-3
मसाले- आधा चम्मच हल्दी, 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच गरम मसाला
तड़का- 1 चम्मच जीरा, 2 सूखी लाल मिर्च, चुटकी भर हींग
अन्य- 2 चम्मच तेल या घी, आधा कप ताजी क्रीम या मलाई, नमक स्वादानुसार
बनाने की विधि
पालक को ब्लांच करना पालक पनीर का रंग हरा बनाए रखने के लिए यह सबसे जरूरी स्टेप है। इसके लिए एक बड़े बर्तन में पानी उबालें और उसमें धुले हुए पालक के पत्ते डाल दें। इसे केवल 2 मिनट तक उबालें।
अब तुरंत पालक को गर्म पानी से निकालकर बर्फ वाले ठंडे पानी में डाल दें। इससे पालक का कुकिंग प्रोसेस रुक जाता है और उसका हरा रंग बरकरार रहता है। अब इसे हरी मिर्च के साथ पीसकर महीन प्यूरी बना लें।
पालक पनीर में आप पनीर को सीधे इस्तेमाल कर सकते हैं या फिर हल्का फ्राई कर सकते हैं। अगर फ्राई कर रहे हैं, तो सुनहरा होने के बाद उसे गुनगुने पानी में डाल दें, इससे पनीर नरम बना रहता है।
अब एक कड़ाही में तेल या घी गर्म करें। इसमें जीरा, हींग और सूखी लाल मिर्च का तड़का लगाएं। इसके बाद बारीक कटा हुआ प्याज डालें और उसे सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कच्चापन निकलने तक पकाएं। अब टमाटर, नमक और सूखे मसाले डालें और तब तक पकाएं जब तक मसाला तेल न छोड़ दे।
अब तैयार मसाले में पालक की प्यूरी डालें। इसे अच्छे से मिलाएं और जरूरत अनुसार थोड़ा पानी डालें। धीमी आंच पर 4-5 मिनट तक ढककर पकाएं। ध्यान रहे, पालक को बहुत ज्यादा न पकाएं वरना वह काला पड़ सकता है।
इसके बाद इसमें पनीर के टुकड़े और गरम मसाला डालें। लास्ट में ताजी मलाई या क्रीम मिलाएं, जिससे ग्रेवी का टेक्सचर क्रीमी हो जाए। 2 मिनट और पकने दें और गैस बंद कर दें।





