पाकिस्तान से बदला लेने को उतरेंगे भारतीय युवा, एक जीत और मिल जाएगा सेमीफाइनल का टिकट

पांच बार का चैंपियन भारत आज यानी 1 फरवरी 2026 को आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के सुपर सिक्स मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से एशिया कप फाइनल में मिली शर्मनाक हार का बदला लेने की कोशिश करेगा।
भारत पिछले साल 21 दिसंबर को दुबई में हुए अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान से 191 रन से हार गया था जबकि 14 दिसंबर को उसने इसी टूर्नामेंट का ग्रुप मैच इस चिर प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ 90 रन से जीता था।
IND vs PAK U19 World Cup 2026: भारत जीता तो सेमीफाइनल में करेगा प्रवेश
रविवार को आयुष म्हात्रे (India Under-19 Cricket Team Captain Ayush Mhatre) की कप्तानी वाली भारतीय टीम उस हार का बदला लेने के लिए बेताब होगी। भारतीय अंडर-19 टीम ने एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान के साथ मैच के बाद हाथ मिलाने से परहेज किया।
उस टूर्नामेंट के ग्रुप चरण मैच के दौरान भी भारत ने ऐसा ही किया था। इस मुकाबले में हाथ नहीं मिलाने की नीति जारी रह सकती है। टूर्नामेंट में अब तक भारत ने शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने अमेरिका पर छह विकेट की जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की और फिर ग्रुप चरण में बांग्लादेश और न्यूजीलैंड को हराया।
भारत ने अपने पहले सुपर सिक्स मैच में 27 जनवरी को मेजबान जिम्बाब्वे को 204 रन से हराकर जीत का सिलसिला जारी रखा। विकेटकीपर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू (183 रन) और वैभव सूर्यवंशी (166 रन) लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। दोनों ने दो-दो अर्धशतक लगाए हैं लेकिन वे इन्हें तीन अंकों में बदलना चाहेंगे। विहान मल्होत्रा (151 रन) से भी भारत को उम्मीदें हैं।
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पिछले मैच में जिंबाब्वे के खिलाफ विजित 109 रन बनाए थे और वह अपनी अच्छी फार्म को जारी रखना चाहेंगे। गेंदबाजों में हेनिल पटेल और उद्धव मोहन ने भारत के लिए प्रभावी प्रदर्शन किया है।
कहां और कितने बजे से खेला जाएगा IND vs PAK U19 World Cup का मैच?
स्थान: बुलावायो
टाइम: 1 बजे से
कहां देख सकते हैं India vs Pakistan U19 World Cup का मैच?
भारत बनाम पाकिस्तान का अंडर-19 विश्व कप 2026 का मैच फैंस टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं, जबकि मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हाटस्टार पर उपलब्ध रहेगी।
IND U-19 Vs PAK U-19: दोनों टीमें इस प्रकार-
भारत की अंडर-19 टीम: आयुष म्हात्रे (कप्तान), एरन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा, अभिग्यान कुंडू (विकेटकीपर), वेदांत त्रिवेदी, कनिष्क चौहान, आरएस अम्ब्रिश, खिलान पटेल, हेनिल पटेल, उधव मोहन, मोहम्मद एनान, दीपेश देवेंद्रन, हरवंश पंगलिया, किशन कुमार सिंह
पाकिस्तान की अंडर-19 टीम: फरहान यूसुफ (कप्तान), समीयर मिन्हास, हमज़ा ज़हूर (विकेटकीपर), उस्मान खान, अहमद हुसैन, हुज़ैफ़ा अहसान, मोहम्मद शायान, अब्दुल सुभान, मोमिन क़मर, मोहम्मद सय्याम, अली रज़ा, अली हसन बलोच, दानियाल अली खान, उमर जैब, निकाब शफीक





